सुरभि न्यूज़
केलांग (लाहौल-स्पीति)
जिला मुख्यालय केलांग में 14 से 16 अगस्त तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जनजातीय मेला-2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जनजातीय मेला आयोजन समिति ने टेंट, साउंड और कैटरिंग सहित विभिन्न सेवाओं के लिए अल्पकालीन निविदाएं आमंत्रित की हैं।
सहायक उपायुक्त एवं मेला आयोजन समिति की सदस्य सचिव कुनिका ऐकर्स ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए पात्र एवं इच्छुक फर्मों, एजेंसियों, ठेकेदारों तथा सेवा प्रदाताओं से आवेदन मांगे गए हैं।
इन व्यवस्थाओं के लिए मांगी गई निविदाएं:
- टेंट व्यवस्था
- लाइट एवं साउंड सिस्टम
- ऑर्केस्ट्रा, सांस्कृतिक एवं संगीतमय कार्यक्रमों की व्यवस्था
- भोजन एवं कैटरिंग सेवाएं
- फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी सेवाएं
- तंबोला संचालन व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं
5 अगस्त है आवेदन की अंतिम तिथि
सदस्य सचिव ने बताया कि सभी निविदाएं जमा करने की अंतिम तिथि 05 अगस्त, 2026 तय की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि और समय के बाद मिलने वाली किसी भी निविदा पर विचार नहीं किया जाएगा।
वेबसाइट पर उपलब्ध हैं नियम व शर्तें
निविदा से संबंधित विस्तृत जानकारी, निविदा प्रपत्र (Tender Form), नियम व शर्तें जिला लाहौल-स्पीति की आधिकारिक वेबसाइट के “News & Updates” अनुभाग में अपलोड कर दी गई हैं।
मेला आयोजन समिति ने सभी इच्छुक एवं पात्र सेवा प्रदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते वेबसाइट से दस्तावेज डाउनलोड कर दिशा-निर्देशों के अनुसार अपनी निविदाएं जमा करवाएं, ताकि राज्य स्तरीय मेले का आयोजन भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।










