वॉलीबॉल प्रतियोगिता : मनाली अलेउ ने जीती शनैच मेला बठाहड़ वॉलीबॉल प्रतियोगिता, 20 टीमों ने दिखाया दम

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

गुशैनी/बंजार, 01 अगस्त : प्रताप अरनोट

विष्णु नारायण शनैच मेला, बठाहड़–2026 के तहत आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों से करीब 20 टीमों ने भाग लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

फाइनल मुकाबले में मनाली अलेउ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि शनैच मेला खेल कमेटी, बठाहड़ की टीम उपविजेता रही। रोमांचक फाइनल मुकाबले का बड़ी संख्या में मौजूद खेल प्रेमियों ने आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

समापन समारोह में ग्राम पंचायत मशियार के प्रधान नोक सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व उपप्रधान प्रकाश ठाकुर, ओम प्रकाश ठाकुर, पूर्व वार्ड सदस्य भाग सिंह ठाकुर तथा अमर भारती भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि नोक सिंह ठाकुर ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, परिश्रम और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।

समारोह के अंत में शनैच मेला खेल कमेटी, बठाहड़ ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, अतिथियों, सहयोगियों, दर्शकों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए विशेष धन्यवाद भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *