सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट : कुल्लू, 02 अगस्त
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ सीजन-2026 में मक्की और धान की फसलों को बीमित कराने वाले कुल्लू जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। विभाग ने दोनों प्रमुख फसलों के बीमा की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 15 अगस्त 2026 कर दिया है।
कृषि उपनिदेशक कुल्लू रितु गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मौसम की अनिश्चितताओं और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान से सुरक्षा के लिए किसान अपनी फसलों का बीमा समय रहते जरूर करवाएं।
उन्होंने बताया कि मक्की और धान दोनों फसलों के लिए 60,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की राशि निर्धारित की गई है। किसानों को मात्र 96 रुपये प्रति बीघा की दर से मामूली प्रीमियम का भुगतान करना होगा। फसलों का बीमा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के माध्यम से किया जा रहा है। मौसम के मिजाज को देखते हुए फसल नुकसान के जोखिम से बचने के लिए किसान 15 अगस्त से पहले अपनी मक्की व धान की फसल का बीमा करवाकर योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।
किसान योजना से जुड़ी जानकारी या बीमा आवेदन प्रक्रिया के लिए किसान अपने संबंधित क्षेत्र के खंड स्तरीय विषय विशेषज्ञ, कृषि विकास अधिकारी तथा कृषि प्रसार अधिकारी से संपर्क कर सकते है। इसके अलावा, किसान बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों से सीधे इन मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं: 📞 70188-06168 | 📞 86298-02474











