सुरभि न्यूज़
परताप अरनोट : कुल्लू, 1 अगस्त।
भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा वर्ष के प्रतिष्ठित ‘तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय एडवेंचर पुरस्कार’ के लिए योग्य व साहसी खिलाड़ियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी, कविता ठाकुर ने साहसिक खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों से अपने नामांकन जमा करने का आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि इस पुरस्कार के लिए केवल वही खिलाड़ी पात्र होंगे, जिन्होंने साहसिक खेलों (Adventure Sports) में अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय स्तर पर विशेष एवं उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं। इच्छुक व पात्र खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप (Format) के साथ अपनी उपलब्धियों के पूर्ण विवरण व संबंधित दस्तावेज़ जमा करवा सकते हैं।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि सभी पात्र खिलाड़ी 4 अगस्त, 2026 तक अपने आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज़ जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी, कुल्लू के कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा करवा दें। निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राप्त आवेदनों को ही समय रहते निदेशालय, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग (हिमाचल प्रदेश, शिमला) को आगामी कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
पुरस्कार व आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी किसी भी कार्यदिवस पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी, कुल्लू के कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से आ सकते हैं या दूरभाष नंबर 01902-224702 पर संपर्क कर सकते हैं।











