जोगिंद्रनगर : स्थानीय निवासियों की सतर्कता लाई रंग, जुलाई में नहीं हुई चोरी की एक भी घटना, पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट : जोगिंद्रनगर (हिमाचल प्रदेश)

स्थानीय पुलिस थाना जोगिंद्रनगर के प्रभारी सकीनी कपूर ने क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर लगाम लगाने में मिले सहयोग के लिए जोगिंद्रनगर के निवासियों का आभार व्यक्त किया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि आम जनता की सतर्कता, पुलिस टीम की मुस्तैदी, स्थानीय पंचायत प्रधानों और समाजसेवी संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम है कि बीते जुलाई महीने में क्षेत्र से चोरी की एक भी घटना सामने नहीं आई है।

थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने कहा कि पुलिस द्वारा पूर्व में की गई अपील पर लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और रात के समय अपने घरों के बाहर लाइटें जलाकर रखीं। इससे रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीमों को काफी मदद मिली और संदिग्ध या आपराधिक तत्वों में भय बना रहा, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रही।

आगामी दो महीनों (अगस्त और सितंबर) में बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी ने सभी क्षेत्रवासियों से ‘अलर्ट मोड’ पर रहने की अपील की है। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिकोण से नागरिकों के लिए कुछ महत्वपूर्ण सलाह जारी की हैं कि जिस कमरे का उपयोग न हो रहा हो या जो सुनसान रहता हो, वहां कीमती सामान या नकदी न रखें। यदि कोई परिवार लंबे समय के लिए घर से बाहर जा रहा हो, तो घर में कीमती सामान न छोड़ें तथा बाहर जाने से पूर्व इसकी सूचना स्थानीय पंचायत प्रधान को ज़रूर दें, ताकि संबंधित क्षेत्र में पुलिस रात्रि गश्त बढ़ा सके।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनता और पुलिस के बीच यह बेहतर तालमेल आगे भी बना रहेगा, जिससे जोगिंद्रनगर को पूरी तरह सुरक्षित रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *