बरोट-चौहार घाटी में पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी और वर्कशॉप की मांग तेज, पर्यटकों व स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
बरोट (मंडी), खुशी राम ठाकुर

जिला मंडी की चौहार घाटी में पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी और वाहन मरम्मत वर्कशॉप की सुविधा नहीं होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों ने केंद्र सरकार से इन मूलभूत सुविधाओं को जल्द उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।

बरोट पंचायत के थुजी गांव निवासी एवं पूर्व सूबेदार रामसरन चौहान ने बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व हिमाचल दौरे के दौरान तत्कालीन केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए कई गैस एजेंसियां स्वीकृत करने और पेट्रोल पंप खोलने की घोषणा की थी। लेकिन आज तक चौहार घाटी में इन घोषणाओं पर अमल नहीं हो पाया है।

उन्होंने कहा कि बरोट, झटिंगरी, फुलाधार तथा छोटाभंगाल घाटी के मुल्थान, राजगुंधा, बड़ा ग्रां, नलहौता, नाचक और पनिहार जैसे क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से लगातार विकसित हो रहे हैं। हर वर्ष हजारों देशी-विदेशी पर्यटक यहां पहुंचते हैं, लेकिन पूरे क्षेत्र में एक भी पेट्रोल पंप नहीं होने से उन्हें ईंधन के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

रामसरन चौहान ने बताया कि घाटी में वाहन मरम्मत के लिए पर्याप्त वर्कशॉप भी नहीं हैं। ऐसे में रास्ते में वाहन खराब होने पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं गैस एजेंसी के अभाव में लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर भरवाने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है।
घाटीवासियों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि चौहार घाटी में शीघ्र पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी और मिनी वाहन वर्कशॉप स्थापित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *