मेरा युवा भारत कुल्लू का ‘नशा मुक्त युवा’ अभियान, 500 विद्यार्थियों ने ली नशा मुक्ति की शपथ

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू : 2 अगस्त

मेरा युवा भारत (MY Bharat) कुल्लू द्वारा जवाहर नवोदय विद्यालय, बंदरोल में “जनरेशन-ज़ेड अगेंस्ट एडिक्शन – नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के करीब 500 विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ लेकर नशे से दूर रहने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशे के विरुद्ध दिए गए प्रेरणादायक संदेश के सीधा प्रसारण से हुआ। विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री का संदेश सुनने के बाद नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर मेरा युवा भारत कुल्लू की जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ जवाहर नवोदय विद्यालय, बंदरोल के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह, विद्यालय के शिक्षक तथा मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (एनवाईवी) किरण, निहाल, इशिता, सोहन चौहान, सुमन व्यास, अनीश कश्यप और गुड़िया भी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी देते हुए स्वस्थ, सकारात्मक और नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेश को अपने जीवन में अपनाने और समाज में नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

आयोजकों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करना, उन्हें सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *