कुल्लू में MSME उद्यमियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला: बिजनेस प्लानिंग और GeM पोर्टल का दिया प्रशिक्षण

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 3 अगस्त:

उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार के रैंप (RAMP) कार्यक्रम के तहत कुल्लू में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) की प्रतिस्पर्धात्मकता और बाजार पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य विषय बिजनेस प्लानिंग, जेम (GeM) एवं सीपीपी (CPP) पोर्टल तथा मार्केट सस्टेनेबिलिटी” रहा। कार्यक्रम में लगभग 50 MSME उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों (SHG) के सदस्यों, शिल्पकारों और अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पहले सत्र में मुख्य वक्ता डॉ. मनीष सूद ने उद्यमियों को प्रभावी व्यवसाय योजना तैयार करने, वित्तीय प्रबंधन, लागत नियंत्रण और नए बाजार अवसरों की पहचान करने के गुर सिखाए।

दूसरे सत्र में अविनाश शर्मा ने GeM और सीपीपी पोर्टल पर पंजीकरण, सरकारी खरीद प्रक्रिया, बोली (Bidding) प्रणाली और MSME के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान रैंप टीम के सदस्य संजय ने कई उद्यमियों का मौके पर ही GeM पोर्टल पर पंजीकरण कराकर उन्हें तकनीकी सहायता प्रदान की।

तीसरे सत्र में डॉ. मनीष सूद ने उत्पादों की ब्रांडिंग, गुणवत्ता मानकों के पालन, ग्राहक प्रतिधारण (Customer Retention) और दीर्घकालिक बाजार रणनीतियों पर मार्गदर्शन किया।

​कार्यशाला की मुख्य अतिथि एवं जिला उद्योग केंद्र कुल्लू की प्रबंधक परवीन लता ने कहा कि GeM (Government e-Marketplace) पोर्टल सरकारी खरीद का सबसे पारदर्शी और सुलभ माध्यम है। क्षेत्र की सभी MSME इकाइयों को इससे जुड़कर सरकारी खरीद के अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए।

कार्यशाला के अंतिम सत्र में प्रश्नोत्तर का आयोजन किया गया, जहाँ पहले से पंजीकृत उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए और कई नए उद्यमियों ने मौके पर ही पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की।

​उद्योग विभाग के अनुसार, रैंप कार्यक्रम के तहत आयोजित ऐसी कार्यशालाओं से हिमाचल प्रदेश के MSME उद्यमी डिजिटल रूप से सशक्त होंगे, जिससे सरकारी और निजी दोनों बाजारों में उनकी भागीदारी और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *