कुल्लू जिला में डुंखरा-बराधा-हूरन-पुन्थल सड़क पर 9.09 करोड़ होंगे खर्च, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने किया भूमि पूजन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू : 03 अगस्त

कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क सुविधा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने सोमवार को ग्राम पंचायत पुन्थल के बराधा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-4 के बैच-1 के तहत बनने वाली डुंखरा-बराधा-हूरन-पुन्थल सड़क का भूमि पूजन किया। लगभग 7.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 909.28 लाख रुपये (करीब 9.09 करोड़ रुपये) की लागत से किया जाएगा।

भूमि पूजन के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं और बेहतर सड़क सुविधा से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी। किसानों और बागवानों को अपनी उपज समय पर बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, जबकि विद्यार्थियों, मरीजों और आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।

विधायक ने निर्माण एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और कार्यों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।

इस अवसर पर विधायक ने स्थानीय लोगों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही विकास योजनाएं सफल होती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सड़क बनने के बाद क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
इस दौरान विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने क्षेत्र के चार महिला मंडलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके अलावा धारला-शरानी-बैहड़-धारगण सड़क निर्माण कार्य के लिए 3 लाख रुपये तथा सामुदायिक भवन टटार्दी के निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शेष राम आजाद, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल ठाकुर, पार्वती वैली होटल एसोसिएशन के प्रधान किशन ठाकुर, जिला परिषद सदस्य प्रवीण ठाकुर, ग्राम पंचायत पुन्थल के प्रधान रामदेव, ग्राम पंचायत जरी की प्रधान लवलीन, उपप्रधान तरुण सोनी, रोनिक, झाबे राम, सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष मोती लाल, अरण्यपाल एंजल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *