सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू : 03 अगस्त
जिला रेड क्रॉस सोसाइटी और जिला दिव्यांगता पुनर्वास केंद्र कुल्लू के संयुक्त तत्वावधान में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष दिव्यांगता पुनर्वास मूल्यांकन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
सहायक आयुक्त एवं नोडल अधिकारी डॉ. जयबंती ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि ये विशेष शिविर 13 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। सभी निर्धारित स्थानों पर शिविरों का समय प्रातः 10:00 बजे से रहेगा। यह शिविर 13 अगस्त को ग्राम पंचायत भरेण (पंचायत घर), 14 अगस्त: ग्राम पंचायत रातोचा (पंचायत घर), 18 अगस्त: ग्राम पंचायत चोंग (कम्युनिटी हॉल) तथा 19 अगस्त: ग्राम पंचायत पुंथल (पंचायत घर) में आयोजित किए जायेंगे।
उन्होंने बताया कि शिविरों में पीएंडओ तकनीशियन, स्पीच एंड हियरिंग तकनीशियन, विशेष शिक्षक, एमआरडब्ल्यू और मोबिलिटी इंस्ट्रक्टर सहित विशेषज्ञों की पूरी टीम मौजूद रहेगी, जो पुनर्वास आवश्यकताओं का सही आकलन करेगी। जिन दिव्यांगजनों के अभी तक दिव्यांगता प्रमाण पत्र या यूडीआईडी (UDID) कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें चिन्हित कर नए कार्ड बनवाने में मदद की जाएगी।
कहा कि 6 वर्ष से कम आयु के विकासात्मक देरी वाले बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिकों (जिन्हें चलने-फिरने या सुनने में समस्या है) की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। दिव्यांगता की शीघ्र पहचान और बचाव को लेकर विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। सहायक आयुक्त डॉ. जयबंती ठाकुर ने क्षेत्र के सभी पात्र दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों से इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।












