सुरभि न्यूज़
कुल्लू / केलांग | 03 अगस्त : प्रताप अरनोट
हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के क्षेत्रीय प्रबंधक (मंडी) संजीव कुमार वर्मा ने सभी इंडेन गैस उपभोक्ताओं से 16 अगस्त, 2026 तक अनिवार्य रूप से अपनी e-KYC (बायोमेट्रिक सत्यापन) प्रक्रिया पूरी करने की पुरजोर अपील की है।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं की e-KYC 16 अगस्त तक पूर्ण नहीं होगी तो उन्हें भविष्य में घरेलू (डोमेस्टिक) या सब्सिडी वाली दरों पर एलपीजी सिलेंडर नहीं मिलेगा। ऐसे उपभोक्ताओं को नियमों के अनुसार वाणिज्यिक (कमर्शियल) दरों पर ही सिलेंडर खरीदना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि इंडियन ऑयल द्वारा ऐसे सभी लंबित उपभोक्ताओं को एसएमएस (SMS) के माध्यम से पहले ही सूचित किया जा चुका है।
उपभोक्ता अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना इन दो तरीकों से अपनी e-KYC/बायोमेट्रिक सत्यापन पूर्ण कर सकते हैं। उपभोक्ता अपने निकटतम इंडेन गैस वितरक (एजेंसी) के कार्यालय में संपर्क करें और ऑनलाइन / मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे सत्यापन करें।
संजीव कुमार वर्मा ने सभी गैस एजेंसी प्रभारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के लंबित उपभोक्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मिलें, दूरभाष (फोन) तथा एसएमएस के माध्यम से संपर्क साधें और 16 अगस्त से पूर्व 100% e-KYC करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने उपभोक्ताओं से विशेष अपील की है कि समय पर e-KYC करवाना प्रत्येक उपभोक्ता के अपने हित में है। भविष्य में बिना किसी रुकावट के सस्ती/घरेलू दरों पर एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति बनाए रखने के लिए तुरंत अपनी बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करें।












