छोटा भंगाल में ब्लॉक स्तरीय कलस्टर संवाद : विधायक किशोरी लाल ने सुनी आईआरडीपी परिवारों की समस्याएं, दी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

छोटा भंगाल घाटी के केंद्र स्थल मुल्थान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में छोटा भंगाल घाटी की बड़ा ग्रां, कोठी कोहड़, धरमान, मुल्थान, लोआई, स्वाड़ और पोलिंग पंचायतों के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में चयनित आईआरडीपी परिवारों के सदस्यों ने भाग लिया।

विधायक किशोरी लाल ने बीपीएल सर्वे के तहत चयनित परिवारों के साथ सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की।

पारदर्शी IRDP चयन प्रक्रिया: विधायक ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने आईआरडीपी चयन की पुरानी व्यवस्था को बदल दिया है। पहले पंचायतों में सीमित सीटों के कारण कई पात्र परिवार छूट जाते थे। अब 3-सदस्यीय कमेटी ने घर-घर जाकर और आठ चरणों में सर्वेक्षण कर निष्पक्षता से पात्र परिवारों का चयन किया है।

छूटे हुए पात्रों को आश्वासन: उन्होंने आश्वस्त किया कि यह अंतिम सर्वे नहीं है। यदि कोई पात्र व्यक्ति छूट गया है, तो वे घबराएं नहीं। कार्यक्रम में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को बीडीओ (BDO) के पास भेज दिया गया है और उन्हें जल्द सूची में शामिल किया जाएगा।

बागवानी पर 100% अनुदान: यदि किसी IRDP परिवार के पास अपनी जमीन है और वे फलदार पौधे लगाना चाहते हैं, तो सरकार उन्हें 100% सब्सिडी प्रदान करेगी। पौधरोपण और फल बेचने का काम सरकार करेगी, जबकि पूरी कमाई जमीन के मालिक की होगी।

शिक्षा और लोन सुविधा: गरीब बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दी जा रही है। साथ ही, उच्च शिक्षा ग्रहण करने वाले IRDP वर्ग के विद्यार्थियों को मात्र 1 प्रतिशत ब्याज दर पर शिक्षा ऋण (Education Loan) दिया जा रहा है।

सड़क एवं परिवहन सुविधा: क्षेत्र के बुनियादी ढांचे पर बात करते हुए विधायक ने बताया कि बीड़-राजगुन्धा मार्ग के निर्माण के लिए 26 करोड़ रुपये स्वीकृत करवाए गए थे, जिसका कार्य पूरा हो चुका है। इस मार्ग और पोलिंग सड़क मार्ग पर बहुत जल्द सरकारी बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।

इस अवसर पर बीडीओ बैजनाथ, तहसीलदार मुल्थान, जल शक्ति एवं वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ा ग्रां पंचायत के उपप्रधान सुदर्शन कुमार, कोठी कोहड़ पंचायत के प्रधान हिम्मत कुमार, मुल्थान पंचायत के प्रधान सुरेंद्र कुमार, उपप्रधान जोगिंद्र कुमार, छोटा भंगाल घाटी कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार, बैजनाथ मंडल कांग्रेस उपाध्यक्ष रूप चंद ठाकुर, पूर्व उपप्रधान संजीव कुमार, सुरेंद्र कुमार और सीता राम ठाकुर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *