सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, केलांग : 13 अगस्त
जनजातीय मेला-2026 के अवसर पर केलांग में मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। एसडीएम केलांग कुनिका ऐकर्स ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ दौड़ में हिस्सा लिया और खेल भावना, अनुशासन व फिटनेस का परिचय दिया।
मिनी मैराथन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना रहा। प्रतियोगिता में अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को खासा रोचक बना दिया।
पुरुष वर्ग में अर्जुन ने प्रथम, कृष्ण ने द्वितीय और हितेश ने तृतीय स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में मनीषा प्रथम, गीता द्वितीय और उषा तृतीय स्थान पर रहीं।
वहीं अंडर-15 वर्ग में लक्ष्य ने पहला, दिव्यांश ने दूसरा और जिग्मे ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में सुरेश ने प्रथम स्थान हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि जनजातीय मेले जैसे आयोजनों में खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय युवाओं और नागरिकों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को एसडीएम कुनिका ऐकर्स ने सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।













