सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट (छोटा भंगाल घाटी)
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर छोटा भंगाल घाटी की बड़ा ग्रां पंचायत के बड़ा ग्रां में देव क्लब के सौजन्य से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला तीन दिवसीय ग्रामीण मेला 13 अगस्त से बड़े ही हर्षोल्लास के साथ शुरू हो गया है।
मेले का विधिवत शुभारंभ बड़ा ग्रां पंचायत के उपप्रधान एवं छोटा भंगाल घाटी युकां उपाध्यक्ष सुदर्शन कुमार द्वारा किया गया। देव क्लब के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का फूलमालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया, जबकि क्लब के अध्यक्ष रूप लाल ने उन्हें हिमाचली टोपी, मफलर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
शुभारंभ अवसर पर महिला मंडल बड़ा ग्रां की महिलाओं और स्कूली बच्चों ने मनमोहक पहाड़ी नाटियां प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं
देव क्लब बड़ा ग्रां के अध्यक्ष रूप लाल ने मेले की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत और आसपास के क्षेत्रों से 9 महिला मंडलों के बीच नाटी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। साथ ही स्कूली बच्चों और देव क्लब द्वारा भी विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
खेलकूद स्पर्धाओं में मेले के दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी, रस्साकशी, लंबी कूद, ऊंची छलांग, घड़ा फोड़ और कुर्सी दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। कबड्डी और वॉलीबॉल टीमों के लिए प्रवेश शुल्क 1,000 रुपये रखा गया है। मेले के पहले ही दिन दोनों खेलों की 9-9 टीमों ने अपनी एंट्री फीस जमा करवा दी है।
अगले दो दिनों के मुख्य आकर्षण
14 अगस्त (सांस्कृतिक संध्या): मेले की सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय जिला परिषद सदस्य राम लाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस रंगारंग शाम में कुल्लू के सुप्रसिद्ध लोकगायक ओम प्रकाश अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
15 अगस्त (ध्वजारोहण एवं समापन): स्वतंत्रता दिवस की सुबह बड़ा ग्रां पंचायत के प्रधान राजेंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। वहीं, मेले के समापन समारोह में कृषि विभाग से सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक एवं स्थानीय निवासी सुरिंद्र ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे और विजेताओं को सम्मानित करेंगे।











