सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, केलांग (लाहौल एवं स्पीति)
आगामी ‘राज्य स्तरीय जनजातीय उत्सव-2026’ के भव्य आयोजन से पहले जिला मुख्यालय केलांग को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लाहौल एवं स्पीति ने एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। गैर-सरकारी संगठनों ‘साहस’ और ‘हीलिंग हिमालय’ के सहयोग से आयोजित इस अभियान का नेतृत्व स्वयं उपायुक्त किरण भड़ाना ने किया।
स्वच्छता अभियान का आगाज उपायुक्त कार्यालय परिसर से हुआ, जिसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों का काफिला केलांग बस स्टैंड होते हुए मुख्य बाजार तक पहुंचा। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों और सड़कों के किनारों की सफाई की गई तथा आम जनता व व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान में एसडीएम केलांग कुनिका एकर्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्वयंसेवी संगठन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
”स्वच्छता को बनाएं दैनिक जीवन का हिस्सा” – किरण भड़ाना
अभियान के दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि यह हमारी दैनिक जीवनशैली और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा होना चाहिए। लाहौल की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता हमारी पहचान है, जिसे संजोकर रखना स्थानीय निवासियों और पर्यटकों, दोनों का दायित्व है।
उन्होंने आगामी उत्सव का जिक्र करते हुए कहा कि जनजातीय उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक, कलाकार और प्रतिभागी केलांग पहुंचेंगे। ऐसे में उत्सव की असली भव्यता केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों से ही नहीं, बल्कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण से भी झलकनी चाहिए।
प्रशासन की अपील: ‘स्वच्छ केलांग, सुंदर केलांग’
जिला प्रशासन ने स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और पर्यटकों से ‘स्वच्छ केलांग, सुंदर केलांग’ की भावना को अपनाने का आह्वान किया है। उपायुक्त ने सभी से अपील की कि वे कूड़ा खुले में न फेंकें, सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचें और कचरे का उचित निपटान करें ताकि लाहौल घाटी का पर्यावरण संरक्षित रह सके।













