सुरभि न्यूज़
केलांग (लाहौल एवं स्पीति)
हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम, 1994 एवं नियमावली 1997 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने जिला के किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त, 2026 को जिला की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं के दौरान ‘स्पेशल फार्मर रजिस्ट्री कैंप’ आयोजित किए जाएंगे।
इन विशेष शिविरों का मुख्य उद्देश्य किसानों को डिजिटल किसान पहचान (Farmer ID) से जोड़ना और लंबित फार्मर आईडी मामलों का 100 प्रतिशत त्वरित निपटारा सुनिश्चित करना है।
ग्राम सभा में भाग लेने वाले ऐसे सभी पात्र किसान जो अभी तक फार्मर रजिस्ट्री से नहीं जुड़े हैं, उनका मौके पर ही पंजीकरण किया जाएगा। आवेदनों की जांच व आवश्यक स्वीकृतियां मौके पर दी जाएंगी। जिन मामलों में पटवारी या कानूनगो के अनुमोदन (Approval) की आवश्यकता होगी, उसे भी शिविर के दौरान ही पूरा किया जाएगा ताकि किसानों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। PM-KISAN लाभार्थियों पर विशेष ध्यान: पीएम-किसान योजना के सभी पात्र लाभार्थियों का फार्मर रजिस्ट्री में 100% पंजीकरण व अनुमोदन सुनिश्चित करने के निर्देश प्रशासन द्वारा जारी कर दिए गए हैं।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने जिला के समस्त किसानों से अपील करते हुए कहा कि 15 अगस्त को अपनी संबंधित ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभा और फार्मर रजिस्ट्री कैंप में अवश्य हिस्सा लें। यह पहल किसानों को डिजिटल किसान पहचान पत्र उपलब्ध कराने और भविष्य में विभिन्न सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।











