अटल सदन कुल्लू में 22 अगस्त को सजेगी 19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव की शाम, प्रवेश बिल्कुल निःशुल्क 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, 14 अगस्त : कुल्लू (हिमाचल प्रदेश)

सूत्रधार कला संगम कुल्लू अपने स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आगामी 22 अगस्त 2026 (शनिवार) को 19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव का भव्य आयोजन करने जा रहा है। यह सांगीतिक कार्यक्रम अटल सदन कुल्लू के विशाल सभागार में सायं 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक आयोजित होगा।

​सूत्रधार भवन में संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में इस आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई और तैयारियों की समीक्षा की गई।

​अध्यक्ष दिनेश सेन ने बताया कि मल्हार भारतीय संगीत परंपरा में वर्षा ऋतु की एक खूबसूरत सांगीतिक अभिव्यक्ति है। कार्यक्रम में सूत्रधार संगीत अकादमी के प्राचार्य पं० विद्या सागर एवं निशांत गौतम के मार्गदर्शन में अर्पिता, करिश्मा, धनवंती, जीवन बुडाल, संजय पुजारी, दीप, क्षितिज समेत कई उभरते कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

हरियाणा की प्रसिद्ध टीम ‘रेट्रो सारेगामा’ के डॉ. कविता शोभू, डॉ. सुधीर शर्मा, प्रवीण राठी, संदीप कुमार, सुशील चौहान, ऋषभ और गौरव विशेष सांगीतिक प्रस्तुतियां देंगे जबकि कला एवं संस्कृति प्रेमी सुंदर श्याम महंत मंच उद्घोषक (एंकर) की भूमिका निभाएंगे।

​संस्था अध्यक्ष ने बताया कि यह उत्सव न केवल सांस्कृतिक मनोरंजन का जरिया है, बल्कि युवाओं को नशे जैसी बुराई से दूर रखकर सही दिशा देने की एक पहल भी है। कार्यक्रम के जरिए युवाओं को “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” का संदेश देते हुए कला, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

​उन्होंने बताया कि यह पूरा कार्यक्रम सभी कला एवं संगीत प्रेमियों के लिए पूरी तरह निःशुल्क (Free Entry) रहेगा।​ संस्था ने समस्त कुल्लूवासियों, युवाओं और संगीत प्रेमियों से अपने परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने का आग्रह किया है।

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह को कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोगेंद्र ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी और प्रचार प्रभारी सुंदर श्याम व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *