सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू : 14 अगस्त
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत आज रामेश्वरी शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान, कुल्लू में एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करना था।
रैली में संस्थान के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जन-जागरूकता संदेश प्रसारित किया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्रधानाचार्य की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें संस्थान के समस्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
यह कार्यक्रम मेरा युवा भारत (MY Bharat), कुल्लू के सौजन्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेरा युवा भारत कुल्लू के स्वयंसेवियों एवं नेशनल यूथ वॉलंटियर्स रविंद्र ठाकुर, लक्ष्मी कश्यप, किरण तथा निहाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही युवाओं को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करते हुए स्वच्छ भारत अभियान का संदेश भी दिया गया तथा स्वच्छ एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनसेवा की भावना को बढ़ावा मिला। रैली का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।












