विधानसभा मानसून सत्र को लेकर शिमला में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, अधिकारियों को पैनी नजर रखने के निर्देश

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, शिमला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला दंडाधिकारी शिमला अनुपम कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सत्र के दौरान कानून व्यवस्था पर पैनी नजर रखें और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बचत भवन में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सेक्टर अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला दंडाधिकारी ने कहा कि विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पुलिस कर्मी बिना पूर्व सूचना के अपने ड्यूटी स्थल को न छोड़े, ताकि सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
विधानसभा क्षेत्र चार सेक्टरों में विभाजित
अनुपम कश्यप ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर के लिए अलग सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

सेक्टर-1 और सेक्टर-2 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर के आंतरिक एवं बाहरी क्षेत्र की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह को सौंपी गई है। सेक्टर-3 में कैनेडी चौक से चौड़ा मैदान तक के क्षेत्र की जिम्मेदारी एचपीएस अधिकारी प्रवीर ठाकुर संभालेंगे। वहीं सेक्टर-4 की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर को दी गई है।

जिला दंडाधिकारी ने सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और कानून व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
व्यापक सुरक्षा योजना तैयार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने बताया कि विधानसभा मानसून सत्र के लिए व्यापक सुरक्षा योजना तैयार कर ली गई है। संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत ब्रीफिंग भी की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा परिसर की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कानून एवं व्यवस्था का उल्लंघन रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। साथ ही, सीआईडी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।

बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सेक्टर अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *