सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज कुल्लू द्वारा प्रदर्शनी मैदान ढालपुर में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत ठाकुर ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हीरा लाल बोध तथा नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (NAB), हिमाचल प्रदेश की सचिव शालिनी वत्स किमटा विशेष रूप से मौजूद रहीं।
स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें निशुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना रहा। मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।
मेले के दौरान नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. कमल कपूर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. रीमा घई, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. याशिका पेहल तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. शांभवी शर्मा ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इसके अलावा फिजियोथेरेपी, रक्तचाप और रक्त शर्करा की जांच के साथ स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी वार्ताओं का भी आयोजन किया गया।
ब्लाइंड स्कूल के बच्चों की हस्तनिर्मित राखियां बनीं आकर्षण
स्वास्थ्य मेले में ब्लाइंड स्कूल के बच्चों द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियों का स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और हुनर से तैयार सुंदर राखियां स्टॉल पर प्रदर्शित कीं। इस पहल के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और सम्मान देने का संदेश दिया गया।
कॉलेज की प्रबंधन निदेशक ज्योति मसीह ने बताया कि मेले के दौरान बच्चों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज की ओर से समय-समय पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और जरूरी सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
मुख्य अतिथि डॉ. रणजीत ठाकुर ने स्वास्थ्य मेले के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज की ओर से इस तरह के आयोजन करना सराहनीय प्रयास है। ऐसे आयोजनों से लोगों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलती है तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
स्वास्थ्य मेला-2026 स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल बनकर सामने आया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।











