सुरभि न्यूज़ / कुल्लू, 10 अक्तूबर
हिमाचल प्रदेश सरकार के नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने शुक्रवार को मनाली के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोलंग नाला में फर्स्ट एक्यूरेसी पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप-2026 का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ किया। इस अवसर पर मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन की ओर से मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम से पहले मंत्री ने स्थानीय नाग मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
सोलंग घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन क्षमता की सराहना
अपने संबोधन में मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि सोलंग घाटी हिमाचल प्रदेश की सबसे सुंदर घाटियों में से एक है। यहां के लोग पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सतत पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सोलंग घाटी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और उत्कृष्ट अतिथि सत्कार परंपरा के लिए भी प्रसिद्ध है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल को विश्व के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ पर्यटकों को प्रदेश की स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत से परिचित करवाना आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।
मंत्री ने युवाओं के कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के माध्यम से कुल्लू जिले के युवाओं को विभिन्न व्यवसायों में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को पर्यटन क्षेत्र से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 210 युवाओं को असिस्टेंट राफ्टिंग गाइड, 90 युवाओं को होमस्टे संचालन, 60 युवाओं को स्ट्रीट फूड वेंडर, 60 युवाओं को नेचर गाइड तथा 30 युवाओं को साहसिक पर्यटन गाइड का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रकार कुल 450 युवाओं को प्रशिक्षण देने की योजना है।
राजेश धर्माणी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकार की कौशल विकास, स्वरोजगार और स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि पर्यटन हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और इस क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं।
कुल्लू पॉलिटेक्निक कॉलेज के लिए 3 करोड़ रुपये स्वीकृत
तकनीकी शिक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि कुल्लू स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के लिए प्रदेश सरकार ने 3 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस धनराशि से संस्थान में तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़, ग्राम पंचायत पलचान की प्रधान शिवानी ठाकुर, ग्राम पंचायत बुरुआ की प्रधान रीना देवी, बीडीसी पलचान की सदस्य विमला देवी, पलचान पंचायत के उपप्रधान दीपक, बीडीसी बुरुआ की सदस्य सीता देवी, एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा और डीएसपी विक्रांत उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं संस्थापक सदस्य रोशन ठाकुर, प्रतियोगिता में भाग ले रहे पायलट, अन्य गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय निवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।











