सुरभि न्यूज़
बरोट (खुशी राम ठाकुर)
राजकीय महाविद्यालय मुल्थान में शुक्रवार को रेड रिबन क्लब के सौजन्य से क्षय रोग (टीबी) जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में टीबी के लक्षण, बचाव, शीघ्र पहचान और समय पर उपचार के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के विद्यार्थियों ने एक आकर्षक फ्लैश मॉब प्रस्तुत कर लोगों को स्वस्थ आदतें अपनाने और टीबी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया।
विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच देने के लिए नारा लेखन (स्लोगन) एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़कर-चढ़कर भाग लिया।
आयोजित की गई प्रतियोगिताओं में नारा लेखन में प्रथम दीक्षा (प्रथम वर्ष), द्वितीय: भूपिंदर (द्वितीय वर्ष) व तृतीय: नीलम (द्वितीय वर्ष) ने स्थान हासिल किया जबकि निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रथम आकृति ठाकुर (प्रथम वर्ष), द्वितीय: नीरजा (प्रथम वर्ष) तथा तृतीय: दीक्षा (प्रथम वर्ष) ने स्थान हासिल किया है।
कार्यक्रम के सफल समापन पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. अभिषेक सिंह ने रेड रिबन क्लब के नोडल अधिकारी प्रोफेसर ऋषभ एवं समस्त विद्यार्थियों को बधाई दी और कार्यक्रम के उत्कृष्ट आयोजन के लिए उनका धन्यवाद व्यक्त किया।










