Skip to content

कुल्लू में तीन दिवसीय ‘फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप’ का शुभारंभ : युवाओं को दिया नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण का संदेश

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

प्रताप अरनोट, कुल्लू

मेरा युवा भारत कुल्लू द्वारा बजौरा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में तीन दिवसीय ‘फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक एस. ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर किया।

इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र के निदेशक एस.एन. ठाकुर, जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा, ब्रह्माकुमारी किरण और ब्रह्माकुमारी निर्मला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने बूटकैंप की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

युवाओं को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस. ने कहा कि एक सशक्त और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है। उन्होंने युवाओं को संवैधानिक मूल्यों को अपनाने, नशा मुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

बूटकैंप के प्रथम दिन विशेषज्ञों ने युवाओं को कई महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करते हुए कौशल विकास पर नेतृत्व क्षमता (Leadership Skills) और प्रभावी संचार (Effective Communication) के गुर सिखाए गए जबकि डिजिटल और वित्तीय साक्षरता (Digital & Financial Literacy) के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया। प्रतिभागियों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और शासन व्यवस्था को व्यावहारिक रूप से समझने के लिए ‘युवा संसद’ के प्रथम सत्र का आयोजन हुआ।

इस तीन दिवसीय शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं में आत्मविश्वास, जिम्मेदारी, निर्णय लेने की क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। पहले दिन की गतिविधियां युवाओं के लिए बेहद प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक रहीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *