सुरभि न्यूज़
चांदपुर (बिलासपुर)
कल्याण कला मंच बिलासपुर के निदेशक सुरेंद्र सिंह मिन्हास को समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (SKFI) द्वारा अपने नौवें वार्षिक समारोह में देश के प्रतिष्ठित ‘राष्ट्र गौरव सम्मान’ से अलंकृत किया गया है। बिलासपुर के संस्कृति सभागार में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बिलासपुर की समृद्ध संस्कृति और कहलूरी बोली के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए मिन्हास के सार्थक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र व सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार, SKFI के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र बच्चन, विशिष्ट अतिथि कर्नल जसवंत सिंह चंदेल (वीएसएम), जिला भाषा अधिकारी नीलम चंदेल तथा संस्था की प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान देश भर की 40 अन्य विभूतियों को भी सम्मानित किया गया।
15 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया तथा उपायुक्त राहुल कुमार द्वारा सुरेंद्र सिंह मिन्हास को संस्कृति संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया था वहीँ महज डेढ़ माह पूर्व हिमाचल एकता मंच और सिंदूर फाउंडेशन ने मिन्हास को राष्ट्रीय स्तर के ‘शान-ए-बिलासपुर’ पुरस्कार से नवाजा था।
सुरेंद्र सिंह मिन्हास के नेतृत्व में कल्याण कला मंच बिलासपुर पिछले दो दशकों (20 वर्षों) से बिलासपुर की पारंपरिक संस्कृति, कहलूरी बोली, लोक रीति-रिवाजों के प्रचार-प्रसार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। सांस्कृतिक धरोहर को संजोने के इस अद्वितीय प्रयास के लिए उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर दर्जनों पुरस्कार व सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।












