सुरभि न्यूज़
बरोट (ख़ुशी राम ठाकुर)
तहसील पद्धर के अंतर्गत थूजी गांव (डाकघर बरोट, जिला मंडी) के रहने वाले काहन चंद गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। बीते दिनों उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) के कारण उनके सिर में अचानक तेज दर्द उठा, जिसके बाद उनकी पत्नी और ग्रामीणों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरोट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मंडी अस्पताल भेजा, जहां सीटी स्कैन के बाद हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। जांच के उपरांत डॉक्टरों ने परिजनों को तत्काल ब्रेन सर्जरी की सलाह दी है।
काहन चंद एक अत्यंत गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं और ब्रेन सर्जरी का खर्च उठाने में असमर्थ हैं। उनके परिजनों और ग्रामीणों ने आम जनता से मदद की अपील की है ताकि इलाज समय पर हो सके।
पूर्व पंचायत प्रधान डॉ. रमेश ठाकुर ने बताया कि काहन चंद के इलाज के लिए धनराशि जुटाने हेतु थूजी गांव के युवा थूजी, बरोट, लंबा डग, स्कूल मार्केट, लक्कड़ बाजार और आसपास की पंचायतों में अभियान चला रहे हैं।
डॉ. रमेश ठाकुर सहित ग्रामीणों ने सभी दानी सज्जनों, सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाओं तथा समाजसेवियों से काहन चंद की मदद के लिए सामर्थ्य अनुसार सहयोग राशि देने का आग्रह किया है।
मदद के लिए काहन चंद की पत्नी मीरा देवी का ऑनलाइन पेमेंट स्कैनर (QR Code) जारी किया जा रहा है। दानदाताओं से निवेदन किया गया है कि वे अपनी सहयोग राशि का स्क्रीनशॉट जरूर शेयर करें, ताकि अन्य लोग भी इस पुण्य कार्य के लिए प्रेरित हो सकें।












