लाहौल-स्पीति में भाजपा का सुटकेस वाली कांग्रेस सरकार पर करारा प्रहार, बूथ स्तर पर घेराबंदी की रणनीति तय

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, केलांग (लाहौल-स्पीति)

हिमाचल प्रदेश के सबसे दुर्गम और कठिन जनजातीय क्षेत्रों में शुमार लाहौल-स्पीति में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज़ करते हुए प्रदेश की सत्ताधारी कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

केलांग स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित भाजपा के सभी प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक में भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वर्तमान सरकार को “सूटकेस वाली भ्रष्ट सरकार” करार देते हुए कहा कि राज्य में विकास के बजाय केवल सूटकेस के लेन-देन की चर्चा हो रही है।

संबोधित करते हुए पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि लाहौल-स्पीति की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, सीमित कार्य अवधि और दूर-दराज की आबादी को ध्यान में रखते हुए सरकार को इसे विशेष प्राथमिकता देनी चाहिए थी। लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार इस जनजातीय क्षेत्र के प्रति पूरी तरह संवेदनशील नहीं है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के विकास में लाहौल-स्पीति की अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए मिलने वाले बजट और योजनाओं में किसी भी प्रकार की देरी क्षेत्र के विकास को प्रभावित करती है। लाहौल-स्पीति के लोगों के अधिकारों और सम्मान के लिए भाजपा निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।

प्रकोष्ठों के जरिए बूथ स्तर तक पहुंचेगी भाजपा

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रिजन हायरप्पा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुरुषोत्तम गुलेरिया ने बताया कि पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठ (किसान, व्यापारी, शिक्षक, युवा, महिला आदि) समाज और संगठन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। भाजपा इन प्रकोष्ठों को जिला से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक सक्रिय करेगी ताकि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाया जा सके।

बैठक में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी

इस संयुक्त बैठक में विशिष्ट अतिथि जवाहर शर्मा, नरेश चौहान, चमन कपूर, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर, प्रदेश व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक शिवचरण चौहान तथा प्रदेश शिक्षक प्रकोष्ठ संयोजक पुरुषोत्तम शर्मा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक विस्तार, विभिन्न प्रकोष्ठों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज के हर वर्ग के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा की गई।

Share – https://globalnewspress.in/s/7qyj43hcnqllyvd3yeqebldy

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *