चौहार घाटी के मियोट गांव में ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत 80 पौधे रोपे

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट / मंडी

भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत चौहार घाटी की ग्राम पंचायत खलैहल के मियोट गांव में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत मियोट गांव के प्रथम व द्वितीय दोनों महिला मंडलों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और गांव के समीप खाली व सुरक्षित भूमि में वान, कनहोर और देवदार आदि प्रजातियों के लगभग 80 पौधे रोपे।

इस पौधारोपण अभियान की अध्यक्षता महिला मंडल मियोट-2 की प्रधान विजेता देवी तथा महिला मंडल मियोट-1 की प्रधान अनीता देवी ने संयुक्त रूप से की।

कार्यक्रम में वन परिक्षेत्र उरला के अधिकारी (RO) शिवओम रतन ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में दोनों महिला मंडलों के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान और ‘राजीव गांधी वन संवर्धन योजना’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन मंडल स्तर पर भी जन-जन को जोड़कर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है।

खलैहल पंचायत के प्रधान सुभाष चंद ठाकुर और उप प्रधान भागमल ठाकुर ने भी इस मौके पर मौजूद रहकर महिलाओं के इस सराहनीय कार्य का हौसला बढ़ाया। उन्होंने वनों की रक्षा और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महिला मंडलों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

पौधारोपण के उपरांत वन अधिकारी शिवओम रतन, बीओ कमल किशोर, वन बीट बरोट के वन रक्षक अजय कुमार और वन मित्र योगेश ने हाल ही में महिला मंडल खलैहल, छोटी झरवाड और झरवाड द्वारा रोपे गए पौधों की स्थिति का निरीक्षण भी किया। इस दौरान वन विभाग की टीम ने महिलाओं को वनों की देखभाल और संरक्षण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां सांझा कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *