सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू।
नेपाल में आई भीषण त्रासदी के मद्देनज़र प्रवासी साझा मंच, हिमाचल राज्य समिति ने आगामी 14 सितम्बर 2026 को प्रस्तावित हरितालिका तीज उत्सव को रद्द करने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश की अग्रणी सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था सूत्रधार कला संगम के संरक्षण में आयोजित किया जाना प्रस्तावित था।
प्रवासी साझा मंच हिमाचल राज्य समिति के अध्यक्ष सी.पी. शर्मा ने कहा कि नेपाल में घटित दुखद त्रासदी से बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने की खबरों ने सभी को गहरे दुःख और चिंता में डाल दिया है। ऐसे कठिन और पीड़ादायक समय में उत्सव का आयोजन करना उचित नहीं है। इसी संवेदनशीलता और मानवीय भावना को ध्यान में रखते हुए तीज उत्सव को रद्द किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रवासी साझा मंच और सूत्रधार कला संगम कुल्लू की ओर से नेपाल त्रासदी में दिवंगत हुए लोगों के प्रति गहरी संवेदना एवं श्रद्धांजलि अर्पित की गई है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके परिजनों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की गई। मंच ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरा समाज नेपाल के पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
सी.पी. शर्मा ने प्रदेशवासियों, प्रवासी समुदाय, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, दानदाताओं और संवेदनशील नागरिकों से नेपाल त्रासदी से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए अधिक से अधिक आर्थिक सहयोग देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-बड़ा सहयोग पीड़ित परिवारों के लिए बड़ी राहत बन सकता है।
प्रवासी साझा मंच के अनुसार प्राप्त सहयोग राशि को नेपाल में त्रासदी से प्रभावित जरूरतमंद लोगों और परिवारों की सहायता के लिए समर्पित किया जाएगा।
सहायता के लिए बैंक विवरण:
बैंक: भारतीय स्टेट बैंक, कसोल
खाता संख्या: 44851766207
IFSC: SBIN0064493
मंच ने लोगों से मानवीय अभियान से जुड़कर अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करने की अपील की है।











