सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
अतिरिक्त उपायुक्त सुरजीत राठौर की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कुल्लू के विभिन्न तहसील एवं उप-तहसील कार्यालयों में 1 फरवरी से 31 अगस्त, 2026 तक निपटाए गए राजस्व अदालत मामलों की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि इस अवधि में जिले में तकसीम के 613, निशानदेही के 894 तथा राजस्व दुरुस्ती के 474 मामलों का निपटारा किया गया। इसके अतिरिक्त 5,964 इंतकाल भी किए गए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी राजस्व अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित तकसीम, निशानदेही और राजस्व दुरुस्ती से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, ताकि लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
बैठक में स्वामित्व योजना के तहत जिले में किए जा रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी तहसील एवं उप-तहसील कार्यालयों को स्वामित्व संबंधी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पटवारखाना निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा करने को कहा गया।
बैठक में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प एवं सामान्य शिकायतों, विशेष राहत पैकेज तथा देवी-देवता भूमि आबंटन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में सहायक आयुक्त डॉ. जयबंती, जिला राजस्व अधिकारी अनिल कुमार सहित उपमंडलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।










