सुरभि न्यूज़
धारा शोरनी, कुल्लू
गुंजन महंत और अमृता ने खंड व जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर बनाई जगह, स्कूल प्रबंधन ने किया सम्मानित
कुल्लू जिला के राजकीय माध्यमिक विद्यालय धारा शोरनी की दो छात्राओं गुंजन महंत और अमृता का चयन राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। हाल ही में संपन्न खंड एवं जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिताओं में दोनों छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई चुनौतियों को पार किया और अपनी प्रतिभा 3का लोहा मनवाया।
दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन की ओर से सोमवार को उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। स्कूल प्रबंधन ने छात्राओं को राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
दूरदराज क्षेत्र में स्थित इस विद्यालय में खेल संसाधनों की सीमित उपलब्धता के बावजूद विद्यार्थियों का खेलों के प्रति उत्साह लगातार बना हुआ है। विद्यालय में पिछले कई वर्षों से शारीरिक शिक्षा शिक्षक (PET) का पद रिक्त होने के बावजूद विद्यार्थियों ने खेल गतिविधियों में अपनी प्रतिभा को निखारना जारी रखा है। छात्राओं की इस सफलता में विद्यालय के शिक्षकों के प्रयासों की भी अहम भूमिका रही है।
विद्यालय के मुख्य अध्यापक नरेंद्र सिंह, टीजीटी राज भाटिया और टीजीटी संस्कृत जय नंद के सामूहिक प्रयासों से छात्राओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला। स्कूल के स्पोर्ट्स इंचार्ज राज भाटिया ने बताया कि राजकीय माध्यमिक विद्यालय धारा शोरनी से केवल दो छात्राओं को कॉम्प्लेक्स स्कूल जलूग्रां की टीम में स्थान मिला था। दोनों छात्राओं ने कबड्डी के मुकाबलों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय टीम में जगह बनाई।
गुंजन महंत और अमृता के चयन से विद्यालय में खुशी का माहौल है। स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।












