RCFC प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कमेटी का उदासीन रवैया सही नहीं – गुरु शरण परमार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, जोगिंदरनगर

क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र (RCFC) के सोलन स्थानांतरण के विरोध में RCFC बचाओ संघर्ष समिति का क्रमिक अनशन सोमवार को 26वें दिन में प्रवेश कर गया। संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरु शरण परमार ने प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कमेटी के कथित उदासीन रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई है।

गुरु शरण परमार ने जारी बयान में कहा कि गत 5 अगस्त से संघर्ष समिति लगातार RCFC को सोलन स्थानांतरित किए जाने के विरोध में आंदोलन कर रही है। इस मुद्दे को समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्थान के स्थानांतरण को रोकने की पैरवी के लिए पांच सदस्यीय प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कमेटी का गठन किया गया था, लेकिन कमेटी की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानांतरण आदेश जारी होने से पहले केंद्रीय आयुष विभाग और राष्ट्रीय औषधीय पौध बोर्ड की ओर से कई चेतावनियां दी गई थीं, लेकिन उस समय भी गंभीर कदम नहीं उठाए गए। केंद्रीय कार्यालय द्वारा मांगे गए आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं करवाए गए। अब स्थानांतरण आदेश जारी होने के बावजूद कमेटी द्वारा अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।

परमार ने कहा कि संघर्ष समिति की भारत सरकार के आयुष सचिव राजेश कोटेचा से हुई मुलाकात के दौरान मामले से संबंधित विभिन्न पहलुओं को उनके समक्ष रखा गया है। उन्होंने कहा कि विभाग में किस स्तर पर क्या कमियां रही हैं, इस पर संबंधित विभाग स्वतंत्र रूप से कार्रवाई कर सकता है। संघर्ष समिति का मुख्य उद्देश्य RCFC को जोगिंदरनगर से कहीं बाहर जाने से रोकना है।

उन्होंने कमेटी के सदस्यों से केंद्रीय कार्यालय की ओर से उठाई गई आपत्तियों और मांगे गए दस्तावेजों का जल्द निपटारा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कमेटी संघर्ष समिति की मध्यस्थता चाहती है तो समिति सहयोग करने के लिए तैयार है।

गुरु शरण परमार ने कहा कि RCFC के स्थानांतरण को लेकर अपनाया जा रहा कथित उदासीन रवैया संघर्ष समिति को स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्थान को जोगिंदरनगर से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा और इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन पपरौला आयुर्वेदिक कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय चौधरी हैं। इसके अलावा उप निदेशक मंडी जोन राजन सिंह, प्रोजेक्ट ऑफिसर हर्बल गार्डन जोगिंदरनगर उज्जवल शर्मा, प्रोजेक्ट इंचार्ज RCFC अरुण चंदन तथा सेक्शन ऑफिसर फाइनेंस पपरौला कॉलेज इसके सदस्य हैं।

क्रमिक अनशन के 26वें दिन किसान मोर्चा के अध्यक्ष शुभ राय धरवाल, भराड़ू पंचायत से रमेश कुमार और सतपाल सिंह तथा ढेलू पंचायत से राकेश कुमार अनशन पर बैठे। संघर्ष समिति ने कहा कि RCFC को बचाने के लिए आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *