लाहौल-स्पीति के ठोलंग में हिमाचल इंटक का राज्य सम्मेलन संपन्न, मजदूरों की आवाज बुलंद करने का लिया संकल्प

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
लाहौल-स्पीति, प्रताप सिंह अरनोट

राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) हिमाचल प्रदेश का राज्य सम्मेलन लाहौल-स्पीति के ठोलंग में आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रदेशभर से इंटक के पदाधिकारियों, मजदूर संगठनों और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिला लाहौल-स्पीति इंटक अध्यक्ष एवं उनकी कार्यकारिणी द्वारा सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए संगठन की ओर से आभार व्यक्त किया गया।

सम्मेलन में प्रदेश इंटक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव, संगठन सचिव, महिला प्रदेश अध्यक्ष, युवा प्रदेश अध्यक्ष, खेतीहर किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सहित विभिन्न जिलों एवं ब्लॉकों के अध्यक्षों ने भाग लिया। इसके अलावा ऑल एम्पलाइज वर्कर के अध्यक्ष एवं उनकी कार्यकारिणी तथा मीडिया प्रभारी भी सम्मेलन में मौजूद रहे।

इस दौरान संगठन को मजबूत करने और मजदूर वर्ग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन में सदन के समक्ष रखे गए पांच एजेंडों पर विचार-विमर्श के बाद उपस्थित सदस्यों ने हाथ उठाकर उन्हें पारित किया।

राज्य महामंत्री इंटक हिमाचल प्रदेश राजीव सिंह रूपल ने कहा कि सम्मेलन में प्रदेशभर से पहुंचे क्रांतिकारी साथियों के उत्साह से यह स्पष्ट हुआ है कि इंटक को आने वाले समय में और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल इंटक मजदूरों की आवाज को बुलंद करने के लिए निरंतर संघर्ष करेगा।

उन्होंने कहा कि मजदूरों के साथ-साथ महिलाओं, किसानों, रेहड़ी-फड़ी वालों, ऑल एम्पलाइज वर्कर, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एसएमसी, आउटसोर्स कर्मचारियों, वार्ड ब्वॉय और मनरेगा कर्मियों सहित विभिन्न वर्गों के हितों की आवाज को संगठन मजबूती से उठाता रहेगा। हिमाचल इंटक इन सभी वर्गों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

सम्मेलन में आगामी समय में हिमाचल प्रदेश इंटक को संगठनात्मक रूप से और मजबूत करने को लेकर भी गहन चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा अधिक से अधिक मजदूरों और कर्मचारियों को इंटक से जोड़ने के लिए मिलकर कार्य किया जाएगा।

राजीव सिंह रूपल ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भी रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि इंटक का प्रयास रहेगा कि संगठन की ताकत को बढ़ाते हुए प्रदेश में कांग्रेस सरकार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पुनः मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी मजबूती से कार्य किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *