पार्बती-III पावर स्टेशन में हिंदी पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ, हिंदी प्रश्नमंच में अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया भाग

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, बिहाली

कुल्लू। पार्बती-III पावर स्टेशन में हिंदी दिवस 2026 के अवसर पर सोमवार, 14 सितंबर को हिंदी पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाप्रबंधक (सिविल) प्रवीण कुमार और महाप्रबंधक (यांत्रिक) रंजीत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर प्रवीण कुमार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिंदी केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी कार्य-संस्कृति, भावनाओं और राष्ट्रीय एकता से जुड़ी भाषा है। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि 14 सितंबर से 29 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे हिंदी पखवाड़े में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लें।

कार्यक्रम के दौरान हिंदी प्रश्नमंच का भी आयोजन किया गया। इसमें हिंदी भाषा, साहित्य, व्याकरण और राजभाषा से संबंधित विभिन्न प्रश्न प्रतिभागियों से पूछे गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साह और रुचि के साथ प्रश्नमंच में भाग लेते हुए उत्तर दिए। प्रश्नमंच के माध्यम से कार्मिकों के हिंदी ज्ञान को परखने के साथ-साथ हिंदी के प्रति रुचि और जागरूकता को भी बढ़ावा दिया गया।

कार्यक्रम में पावर स्टेशन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा राजभाषा संबंधी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में समूह वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) जी. टी. एस. राजू ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

हिंदी दिवस एवं हिंदी पखवाड़ा 2026 के शुभारंभ पर आयोजित यह कार्यक्रम कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग, जागरूकता और सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *