छोटा भंगाल में सैर पर्व पर नलहौता में सजा ग्रामीण मेले का रंग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं ने बांधा समां

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ / खुशी राम ठाकुर, बरोट

लोक गायक इशांत भारद्वाज ने पहाड़ी, चंबयाली, कांगड़ी और हिंदी गीतों से दर्शकों को झूमने पर किया मजबूर, कबड्डी में कहोग और वॉलीबाल में अक्षय ब्रदर्ज टीम रही विजेता

चौहार घाटी और छोटाभंगाल घाटी में सैर के लोकल पर्व को लेकर विभिन्न गांवों में देव जातरों और ग्रामीण मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में छोटाभंगाल क्षेत्र की बड़ा ग्रां पंचायत के अंतर्गत नलहौता गांव में देव अजियापाल युवक मंडल के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय ग्रामीण मेले का 18 सितंबर को धूमधाम से समापन हुआ।

युवक मंडल नलहौता के अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि 16 से 18 सितंबर तक चले इस मेले के दौरान महिला मंडलों की नाटियां, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, सांस्कृतिक संध्या तथा कबड्डी, वॉलीबाल, घड़ा तोड़ना, ऊंची कूद, लंबी कूद और रस्साकशी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
मेले के शुभारंभ अवसर पर बड़ा ग्रां पंचायत के प्रधान जोगेंद्र सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। वहीं 17 सितंबर को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में चंबा के प्रसिद्ध लोक गायक इशांत भारद्वाज ने पहाड़ी, चंबयाली, कांगड़ी और हिंदी गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।

सांस्कृतिक संध्या में धरमान पंचायत के पूर्व प्रधान एवं बैजनाथ बीडीसी अध्यक्ष संजय ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं 18 सितंबर को आयोजित समापन समारोह में बड़ा ग्रां पंचायत के कुड़धार गांव निवासी पूर्व सूबेदार सुभाष ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

युवक मंडल अध्यक्ष ने बताया कि मेले में पहुंचे सभी मुख्यातिथियों का स्थानीय लोगों और युवक मंडल की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह, टोपी और मफलर भेंट कर सम्मानित किया गया। मेले के शुभारंभ अवसर पर मुख्यातिथि की ओर से युवक मंडल को 11 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। सांस्कृतिक संध्या के मुख्यातिथि संजय ठाकुर ने भी 11 हजार रुपये प्रदान किए। उन्होंने युवक मंडल की मांग पर मेला मैदान को पक्का करने तथा परिसर में तीन सोलर लाइट लगवाने की घोषणा की।

समापन समारोह के मुख्यातिथि सुभाष ठाकुर ने युवक मंडल को 21 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की, जबकि उनके साथ पहुंचे बड़ा ग्रां पंचायत के उपप्रधान सुदर्शन कुमार ने 2100 रुपये दिए।

खेल प्रतियोगिताओं में इन टीमों ने मारी बाजी
कबड्डी प्रतियोगिता में चौहार घाटी की बरोट पंचायत के कहोग की टीम प्रथम तथा नलहौता की टीम दूसरे स्थान पर रही। वॉलीबाल में खलहैल पंचायत की अक्षय ब्रदर्ज टीम ने पहला तथा पशाकोट बरोट की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया।

समापन समारोह में मुख्यातिथि सुभाष ठाकुर ने युवक मंडल की ओर से कबड्डी और वॉलीबाल की विजेता टीमों को 5100-5100 रुपये तथा उपविजेता टीमों को 3100-3100 रुपये की नगद राशि और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। अन्य प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
देव अजियापाल के प्रांगण में हुई देव जातर
मेले के समापन के बाद 18 सितंबर की रात नलहौता गांव में स्थित देव अजियापाल के प्रांगण में स्थानीय लोगों की ओर से देव जातर का आयोजन किया गया। इसमें मेले में शामिल हुए लोगों ने देव अजियापाल के मुख्य गुर पहाड़ चंद, उनके सहयोगी गुर तथा घाटी के अन्य देवी-देवताओं के गुर खेल का आनंद लिया।
देव अजियापाल के मुख्य गुर पहाड़ चंद ने गुर खेल के माध्यम से लोगों को भविष्य में सुख-शांति का संदेश दिया। देव जातर ने सैर पर्व की लोक आस्था, संस्कृति और परंपराओं को और अधिक जीवंत बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *