भारतीय किसान संघ मंडी की बैठक में किसान महिला सम्मेलन को लेकर तैयार की रणनीति

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

खुशी राम ठाकुर, बरोट

मंडी। भारतीय किसान संघ जिला मंडी की महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को शिव मंदिर महादेव में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ ध्वजारोहण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संत राम ठाकुर ने की।

बैठक में आगामी 30 सितंबर को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय किसान महिला सम्मेलन को लेकर चर्चा की गई। सम्मेलन में भाग लेने के लिए जिला मंडी से 50 महिला कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की गई है। जिला महिला प्रमुख राजकुमारी के नेतृत्व में यह दल दिल्ली रवाना होगा।
राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से किसान महिला कार्यकर्ता भाग लेंगी और अपने-अपने क्षेत्रों में जैविक एवं प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और अनुभवों को साझा करेंगी।

बैठक में बताया गया कि दिल्ली सम्मेलन के साथ किसान महिलाओं को कुरुक्षेत्र में आचार्य देवव्रत द्वारा संचालित प्राकृतिक एवं जैविक खेती के कार्यों का अनुभव प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। भारतीय किसान संघ के प्रदेश संगठन मंत्री हरि राम पवार ने कहा कि सम्मेलन में जिले के प्रत्येक विकास खंड से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने संगठन के विस्तार पर चर्चा करते हुए कहा कि जिन ग्राम पंचायतों में अभी तक भारतीय किसान संघ का काम शुरू नहीं हुआ है, वहां नवंबर तक अस्थायी समितियों का गठन किया जाए। बैठक में वर्ष 2027 से 2030 के कार्यकाल के लिए संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में भारतीय किसान संघ के प्रदेश मंत्री नंदलाल, जिला मंत्री लक्ष्मण सिंह वर्मा, जिला उपाध्यक्ष सूरज सिंह, जिला गौ सेवा प्रमुख हुकम चंद, द्रंग विकास खंड के कार्यकारी मंत्री हुकम चंद, सदर खंड अध्यक्ष बुद्धि सिंह, बल्ह खंड अध्यक्ष कृष्ण चंद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *