सुरभि न्यूज़
सोलन, 28 सितंबर
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला सोलन पुलिस ने सितंबर माह में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा सोलन, परवाणू और कंडाघाट थाना क्षेत्रों में की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में चिट्टा/हेरोइन तथा चरस बरामद की गई है। इन मामलों में कई वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है, जबकि कुछ आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
10 सितंबर को पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मोहन पार्क सोलन के समीप खड़ी एक गाड़ी में बैठे अरुण कुमार निवासी सलोगड़ा को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8.60 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ FIR संख्या 201/2026 के तहत NDPS Act की धारा 21 में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान संबंधित वाहन भी जब्त किया गया।
14 सितंबर को सदर सोलन पुलिस ने कथेड़ बाईपास रोड स्थित एक होटल के कमरा नंबर 203 में ठहरे रुपिन्द्र सिंह निवासी अमृतसर, पंजाब को 12.45 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 40 हजार रुपये से अधिक नकदी के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ FIR संख्या 204/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। न्यायालय से आरोपी का पांच दिन का पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की गई।
परवाणू में पीछा करने के दौरान हादसा, चिट्टा बरामद
16 सितंबर को परवाणू क्षेत्र में SIU टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक आल्टो कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार चालक ने नाके से भागने का प्रयास किया और पीछा किए जाने के दौरान रेलवे फाटक जाबली के पास एक अन्य वाहन को टक्कर मार दी। कार में सवार तीन युवक भागने लगे, जिनमें से हिमांशु कंवर को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया। वाहन की तलाशी में 11.60 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
इस मामले में फरार आरोपियों की पहचान पंकज ठाकुर उर्फ चन्चू और सचिन कुमार के रूप में हुई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 21 सितंबर को सचिन कुमार को परवाणू बैरियर से गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में उसके खिलाफ चिट्टा तस्करी से जुड़े तीन मामले दर्ज पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध PIT-NDPS Act के तहत निवारक कार्रवाई भी हो चुकी है और वह करीब चार माह तक निवारक हिरासत में रह चुका है। मामले में तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई जारी है।
21 सितंबर को पुलिस चौकी शहर सोलन की टीम ने न्यू कथेड़ बाईपास में चेकिंग के दौरान पवन नामक युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 10.19 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। सदर सोलन थाने में FIR संख्या 210/2026 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
22 सितंबर को SIU टीम ने एक पिकअप वाहन की जांच के दौरान दो युवकों के कब्जे से 15.38 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया। आरोपियों की पहचान कपिल कुमार और हरविन्द्र सिंह, दोनों निवासी रिकांगपियो क्षेत्र, जिला किन्नौर, के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन को भी कब्जे में लिया गया।
24 सितंबर को सदर सोलन पुलिस की SIU टीम ने दो मोटरसाइकिल सवारों से 11.21 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया। आरोपियों की पहचान अब्दुल रहमान, मूल निवासी सूडान और वर्तमान में शिमला निवासी, तथा सानिया शर्मा निवासी ठियोग के रूप में हुई। दोनों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई।
24 सितंबर को कंडाघाट पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक पिकअप वाहन की तलाशी ली। वाहन में सवार रवि कुमार निवासी सोलन के कब्जे से 4.60 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी से पूछताछ की। इसके बाद उसे BNSS की धारा 35(3) के प्रावधानों के तहत पाबंद किया गया।
परवाणू में करीब 1.9 किलो चरस बरामद
नशे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में सबसे बड़ी बरामदगी 26 सितंबर को परवाणू में हुई। पुलिस थाना परवाणू की टीम ने ट्रक पार्किंग में गश्त और नाकाबंदी के दौरान एक नेपाली नागरिक को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 897 ग्राम चरस बरामद हुई।
आरोपी की पहचान सतमान झाकरी (64), निवासी जिला रोल्पा, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर NDPS Act की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ कर चरस की आपूर्ति के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी को 27 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।











