सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
मेरा युवा भारत (माय भारत) के सेवा पखवाड़ा के तहत जिला कुल्लू मुख्यालय से सटी खराहल घाटी के थासीभ्रा गांव में बिजलेश्वर युवक मंडल थासीभ्रा की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। 27 सितंबर को आयोजित इस अभियान में युवक मंडल के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी सहभागिता निभाई और सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
यह अभियान मेरा युवा भारत कुल्लू, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे माय भारत सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान युवाओं और ग्रामीणों ने गांव के रास्तों, नालियों तथा आसपास के सार्वजनिक स्थानों की सफाई की। रास्तों पर जमा कूड़ा-कचरा हटाने के साथ-साथ कांटेदार झाड़ियों और अनावश्यक वनस्पति को भी साफ किया गया। कई स्थानों पर कचरे के कारण बंद पड़ी नालियों की सफाई कर पानी की निकासी को सुचारू किया गया।
बिजलेश्वर युवक मंडल के अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पिछले कुछ समय से गांव के विभिन्न स्थानों पर कूड़ा-कचरा जमा होने और नालियों के बंद होने से ग्रामीणों तथा राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या के समाधान और माय भारत सेवा पखवाड़ा को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से युवक मंडल ने विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया।
अभियान में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए युवक मंडल के सदस्यों ने गांव के प्रत्येक घर में जाकर लोगों से स्वच्छता अभियान में शामिल होने का आग्रह किया। युवक मंडल की अपील पर ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग किया और सामूहिक श्रमदान में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर युवक मंडल के सदस्यों ने कहा कि माय भारत सेवा पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गली और गांव की स्वच्छता की जिम्मेदारी स्वयं उठाए, तो स्वच्छ एवं सुंदर समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कूड़ा-कचरा रास्तों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय योगदान दें।
अभियान के सफल आयोजन के लिए बिजलेश्वर युवक मंडल ने सहयोग करने वाले सभी ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। युवक मंडल ने भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, खेलकूद और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों को जारी रखने का संकल्प लिया।
अभियान में बिजलेश्वर युवक मंडल थासीभ्रा के अध्यक्ष संजय कुमार, उपाध्यक्ष रोहित, सचिव पुनीत, वित्त सचिव मोहित, सदस्य उत्तम चन्द, नरेंद्र कुमार, सुमित, चुनी लाल, नरेश कुमार, पदम सिंह और निशांत कुमार सहित ग्रामीण मौजूद रहे।











