सूत्रधार कला संगम कुल्लू द्वारा के.आर. पंछी के सम्मान में 4 अक्तूबर को आयोजित की जाएगी एक शाम पंछी जी के नाम

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, कुल्लू : 28 सितंबर

सूत्रधार कला संगम कुल्लू की कार्यकारिणी बैठक सोमवार को संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में सूत्रधार भवन के कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संस्था की गतिविधियों तथा कुल्लू दशहरा में संस्था की सहभागिता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में विशेष रूप से हिमाचल के वरिष्ठ पहाड़ी गीतकार, संगीतकार एवं साहित्यकार के.आर. पंछी के सम्मान में आयोजित होने वाले ‘एक शाम पंछी जी के नाम’ कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई। संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन ने बताया कि यह विशेष सांस्कृतिक संध्या 4 अक्तूबर 2026, रविवार को देवसदन कुल्लू के सभागार में शाम 6:30 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित होगी।

कार्यक्रम में सूत्रधार कला संगम की संगीत अकादमी के प्राचार्य पं. विद्या सागर के साथ वरिष्ठ कलाकार निशांत गौतम, अमित महंत, विजय, लाल सिंह, जीवन बुडाल, टविंकल, अर्पिता ठाकुर, संजय पुजारी और अनुष्का सहित संगीत सदन मंडी के संगीत गुरु उमेश भारद्वाज के शिष्यों द्वारा विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम का मंच संचालन संस्था के प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम करेंगे।

संस्था के अनुसार के.आर. पंछी ने हिमाचल की लोक संस्कृति, भाषा, संगीत और साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने अपना जीवन पहाड़ी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने के लिए समर्पित किया है। मार्च 2026 में उन्होंने अपने जीवन के 90 वर्ष पूरे किए हैं।

उनके दीर्घकालीन रचनात्मक एवं सांस्कृतिक योगदान के सम्मान में सूत्रधार कला संगम द्वारा इस विशेष संध्या का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से के.आर. पंछी को उनके जीवनपर्यंत योगदान के लिए विशेष सम्मान से नवाजा जाएगा। संस्था का उद्देश्य उनकी सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए एक उपसमिति का गठन भी किया गया। उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह को कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त किया गया है। समिति में महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोंगेंद्र ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी और कार्यकारिणी सदस्य सुबोध सूद को शामिल किया गया है। बैठक में निर्णय लिया गया कि यह सांस्कृतिक संध्या सभी कला प्रेमियों के लिए नि:शुल्क रहेगी।

बैठक में आगामी कुल्लू दशहरा के दौरान आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या में सूत्रधार कला संगम की सहभागिता को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। संस्था की ओर से इस अवसर पर कलाकारों द्वारा शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति देने का निर्णय लिया गया।

बैठक के उपरांत के.आर. पंछी के संगीत निर्देशन एवं रचनात्मक सहयोग से तैयार लोक गीत ‘रुमे गै झुरिये रुमे’ का विमोचन भी किया गया। गीत को गायक जीवन बुडाल ठाकुर ने आवाज दी है, जबकि इसमें शालू शर्मा और कशिश ठाकुर की प्रस्तुतियां हैं। गीत का संगीत विजय ने तैयार किया है तथा गीत एवं कंपोजिशन के.आर. पंछी का है।

गीत के विमोचन के अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने पूरी टीम और कलाकारों को शुभकामनाएं दीं तथा हिमाचली लोक संगीत और संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए इस तरह के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

बैठक में संस्था उपाध्यक्ष कंवर वीरेंद्र सिंह, महासचिव अतुल गुप्ता, वित्त सचिव जोंगेंद्र ठाकुर, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव यशोदा शर्मा, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम, सहप्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य सुबोध सूद, प्राचार्य पं. विद्या सागर, आमंत्रित सदस्य जीवन बुडाल व संजय पुजारी तथा प्रबंधक उत्तम चंद उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *