जोगिंदर नगर में RCFC बचाओ संघर्ष समिति का क्रमिक अनशन 40वें दिन भी जारी, ऐहजू पंचायत के प्रधान सहित चार लोग भूख हड़ताल पर बैठे

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, जोगिंदर नगर : 28 सितंबर

क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र (RCFC) जोगिंदर नगर को सोलन स्थानांतरित किए जाने के विरोध में RCFC बचाओ संघर्ष समिति का क्रमिक भूख हड़ताल आंदोलन सोमवार को 40वें दिन में प्रवेश कर गया।

सोमवार को ग्राम पंचायत ऐहजू के प्रधान बलबीर वर्मा, उपप्रधान संजय भंगालिया, नेक राम वालिया और संसार चंद भूख हड़ताल पर बैठे। इससे पहले अनशन पर बैठे संघर्ष समिति के सलाहकार एवं सेवानिवृत्त डीएसपी ज्ञान चंद ठाकुर, नारायण सिंह थापा और इंद्र सिंह ठाकुर ने नई टीम के सदस्यों को माला पहनाकर अगले 24 घंटे के क्रमिक अनशन की जिम्मेदारी सौंपी।

इस दौरान संघर्ष समिति के महासचिव रोटेरियन अजय ठाकुर, उपाध्यक्ष कैप्टन लाभ सिंह धरवाल, सचिव कर्म चंद, पान सिंह, शुभ राय धरवाल, डॉ. शर्मा तथा समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

संघर्ष समिति के महासचिव अजय ठाकुर ने कहा कि जनता का एकजुट आंदोलन जारी है और समिति की मांग है कि जोगिंदर नगर स्थित RCFC को यहीं रखा जाए। उन्होंने कहा कि आंदोलन में लगातार नए लोग जुड़ रहे हैं और समिति को उम्मीद है कि RCFC को सोलन स्थानांतरित करने संबंधी अधिसूचना को रद्द किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि समिति के अनुसार सरकार के रवैये को लेकर जोगिंदर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों में असंतोष है। इससे पहले भी समिति ने विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के साथ आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन किए हैं।

संघर्ष समिति के सलाहकार ज्ञान चंद ठाकुर ने कहा कि जब तक RCFC को स्थानांतरित करने संबंधी अधिसूचना रद्द नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आंदोलन से दूरी बनाए रखने वाले नेताओं को लेकर भी अपनी नाराजगी व्यक्त की।

वहीं समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज ने कहा कि संघर्ष समिति और स्थानीय जनता की मुख्य मांग RCFC की स्थानांतरण अधिसूचना को रद्द करवाना है। उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर समिति अपने रुख पर कायम है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में RCFC के सात वर्षों के कामकाज, आय-व्यय और किसानों को मिले लाभ से संबंधित रिकॉर्ड की भी समीक्षा की गई है। रिपोर्टों के अनुसार प्रोजेक्ट मैनेजिंग कमेटी ने केंद्र से विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *