सुरभि न्यूज़ / प्रताप अरनोट, कुल्लू
केलांग, 28 सितंबर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 7 अक्तूबर 2026 को प्रस्तावित लाहौल-स्पीति दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा, प्रोटोकॉल और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल तथा आसपास के क्षेत्र में ड्रोन संचालन पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही 5 से 7 अक्तूबर तक क्षेत्र में विभिन्न पर्यटन गतिविधियां भी बंद रहेंगी।
उपायुक्त एवं जिला दंडाधिकारी लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना द्वारा जारी आदेश के तहत अटल टनल नॉर्थ पोर्टल और इसके आसपास के क्षेत्र को ‘नो ड्रोन/मानवरहित हवाई क्षेत्र’ घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के ड्रोन अथवा मानवरहित हवाई उपकरण का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने क्षेत्र में संचालित सभी विक्रेताओं, पर्यटन संचालकों तथा जिप लाइन, रिवर राफ्टिंग और अन्य संबद्ध पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों को 5 से 7 अक्तूबर तक गतिविधियां संचालित नहीं करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, क्षेत्र में स्थान घेरकर बैठे विक्रेताओं और अन्य संबंधित लोगों को अपनी अस्थायी अथवा स्थायी व्यवस्थाएं हटाकर कब्जे वाले स्थान 30 सितंबर तक खाली करने होंगे।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर उपायुक्त कार्यालय केलांग के सम्मेलन कक्ष में उच्चस्तरीय समन्वय बैठक भी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त किरण भड़ाना ने की। इसमें जिला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में अटल टनल नॉर्थ पोर्टल पर राष्ट्रपति के स्वागत समारोह, रिसेप्शन, पारंपरिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर सहित विभिन्न प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरा करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को वीवीआईपी रूट के लिए ट्रैफिक कंट्रोल एवं डायवर्जन प्लान प्रभावी ढंग से लागू करने तथा पूरे मार्ग पर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सुरक्षा कर्मियों के ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था, अटल टनल के निरीक्षण के दौरान तकनीकी जानकारी उपलब्ध करवाने तथा मॉडल रूम में ब्रीफिंग एवं प्रस्तुति की तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठने की व्यवस्था और हाई टी सहित अन्य प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं की भी समीक्षा हुई।
आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और स्वास्थ्य सुविधाओं को तैयार रखने, भीड़ नियंत्रण, मीडिया कवरेज के सुव्यवस्थित प्रबंधन तथा पूरे रूट और आयोजन स्थल पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने खराब मौसम अथवा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा। साथ ही नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने और कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास कराने के निर्देश दिए।
सड़क मरम्मत और अटल कैफे को ग्रीन रूम बनाने की तैयारी
बैठक में अटल टनल नॉर्थ पोर्टल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों की भी समीक्षा की गई। अटल कैफे को ग्रीन रूम के रूप में तैयार करने के लिए आवश्यक मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान आसपास की दुकानों को बंद रखने तथा वीवीआईपी रूट पर खड़े अवैध एवं लावारिस वाहनों को हटाने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने अधिकारियों को राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित सभी तैयारियां पूरी गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। उन्होंने सभी विभागों एवं एजेंसियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए दौरे को सुरक्षित, सुचारू, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला, पीओ आईटीडीपी अश्वनी कुमार, तहसीलदार विकास कुमार, बीडीओ मुनीश राय, सीएमओ डॉ. एमके गांधी, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अजय गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अश्वनी गुलेरिया, जिला कृषि अधिकारी चौधरी राम, एसीएफ अनु ठाकुर सहित बीआरओ, बीएसएनएल और एचआरटीसी के अधिकारी मौजूद रहे।











