दारचा से गूंजी रोमांच की रफ्तार, डीसी किरण भड़ाना ने जेके टायर रैली ऑफ हिमालयाज-2026 के तीसरे चरण को दिखाई हरी झंडी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, केलांग : 29 सितंबर

हिमालय की दुर्गम वादियों में 80 मोटो राइडर, 35 एक्सट्रीम और 24 टीएसडी प्रतिभागी ले रहे हिस्सा, पहली बार जांस्कर क्षेत्र तक पहुंचेगी रैली

हिमालय की दुर्गम और रोमांचकारी वादियों में साहस, रोमांच और मोटरस्पोर्ट का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। जेके टायर रैली ऑफ हिमालयाज-2026 के तीसरे चरण को मंगलवार को दारचा से उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

हिमालयन एक्सट्रीम मोटरस्पोर्ट्स और एडवेंचर एक्स फ्यूजन ट्राइब के संयुक्त आयोजन में हो रही यह प्रतिष्ठित क्रॉस-कंट्री रैली इस वर्ष अपने छठे संस्करण में प्रवेश कर चुकी है। मनाली से शुरू हुई रैली का दारचा चरण प्रतिभागियों के लिए विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। आयोजकों ने रैली के सफल संचालन में जिला प्रशासन लाहौल-स्पीति के सहयोग और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया।

रैली के सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से पुलिस विभाग को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के माध्यम से आपात परिस्थितियों में सहायता की व्यवस्था तथा सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के साथ आवश्यक समन्वय भी सुनिश्चित किया गया है। रैली के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए संबंधित विभागों के बीच लगातार समन्वय रखा जा रहा है।

वर्ष 2021 में पहली बार आयोजित हुई रैली ऑफ हिमालयाज अब देश की कठिन क्रॉस-कंट्री मोटरस्पोर्ट प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बना चुकी है। रैली में प्रतिभागियों की सहनशक्ति, नेविगेशन क्षमता, वाहन क्षमता, तकनीकी दक्षता और कठिन हिमालयी परिस्थितियों में प्रदर्शन की परीक्षा होती है।

इस वर्ष रैली में पेशेवर प्रतिभागियों के साथ निजी प्रतिभागी, महिला राइडर एवं चालक तथा सेना की टीमें भी भाग ले रही हैं। मोटो श्रेणी में 80 राइडर, एक्सट्रीम श्रेणी में 35 प्रतिभागी और टीएसडी श्रेणी में 24 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें महिला प्रतिभागियों के साथ सेना की पांच टीमें भी शामिल हैं।

इस वर्ष रैली का प्रमुख आकर्षण इसका पहली बार जांस्कर क्षेत्र में प्रवेश करना है। काजा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों से आगे बढ़ते हुए प्रतिभागी जिस्पा के बाद जांस्कर की ओर बढ़ेंगे। पदुम और पेंसी ला सहित अत्यंत दुर्गम एवं ऊंचाई वाले मार्गों से गुजरते हुए रैली प्रतिभागियों को कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, लंबे प्रतिस्पर्धात्मक चरणों और तेजी से बदलते हिमालयी मौसम का सामना करना होगा।

रैली के इस संस्करण को भारतीय मोटरस्पोर्ट के दिग्गज हरि सिंह ‘जिप्सी किंग’, जो पांच बार राष्ट्रीय रैली चैंपियन रहे हैं, को समर्पित किया गया है। भारतीय रैली जगत में उनके योगदान को आयोजकों ने नई पीढ़ी के मोटरस्पोर्ट प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का पर्यटन विभाग भी जेके टायर रैली ऑफ हिमालयाज-2026 के साथ प्रायोजक के रूप में जुड़ा है। रैली के माध्यम से जांस्कर क्षेत्र को देश के प्रमुख उभरते साहसिक पर्यटन स्थलों के रूप में प्रचारित करने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजकों ने रैली के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन लाहौल-स्पीति, पुलिस विभाग, डीडीएमए, बीआरओ और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग, सुरक्षा व्यवस्था तथा बेहतर समन्वय के लिए आभार व्यक्त किया। हिमालय के कठिन और चुनौतीपूर्ण मार्गों पर दौड़ती यह रैली मोटरस्पोर्ट के साथ-साथ लाहौल-स्पीति और जांस्कर की प्राकृतिक एवं साहसिक पर्यटन क्षमता को भी देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *