चौहार घाटी में पहली बार दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट

प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में पहली बार बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने चौहार घाटी का दो दिवसीय दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने थल्टूखोड़ से लेकर बरोट और छोटा भंगाल घाटी तक विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं।

मंत्री ने सोमवार को चौहार घाटी के एक छोर थल्टूखोड़ क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश शिवा प्रोजेक्ट के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लटराण और धमच्यान पंचायतों के लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

इसके बाद मंत्री ने बरोट स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में रात्रि ठहराव किया। मंगलवार सुबह उन्होंने छोटा भंगाल घाटी की कोठी कोहड़ पंचायत के चेलरा दी मलाह गांव का दौरा किया। गांववासियों ने शिवा प्रोजेक्ट के माध्यम से जापानी फल सहित अन्य फलदार पौधे लगाने के लिए पहले ही मांग रखी थी। इसके लिए ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से करीब 120 बीघा भूमि का चयन किया है।

मंत्री जगत सिंह नेगी ने मौके पर पहुंचकर इस भूमि का जायजा लिया और इसे फल उत्पादन के लिए उपयुक्त बताया। उन्होंने ग्रामीणों की सामूहिक पहल की सराहना करते हुए शिवा प्रोजेक्ट के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस जमीन पर जापानी फल सहित अन्य फलदार पौधे लगाने के लिए ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए।

उन्होंने घाटी के लोगों का आह्वान किया कि वे अपनी भूमि को बागवानी के लिए उपलब्ध करवाएं और शिवा प्रोजेक्ट के तहत फलदार पौधे लगाकर आने वाले तीन-चार वर्षों में अपनी आय बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि बागवानी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिकी को मजबूत करने की व्यापक संभावनाएं हैं।

इस दौरान घाटी की विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को मंत्री के समक्ष विस्तार से रखा। मंत्री ने कई समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया तथा कुछ मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद मंत्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट पहुंचे। स्कूल प्रशासन, स्थानीय लोगों और एनसीसी विद्यार्थियों की मौजूदगी में राष्ट्रीय गान के बाद उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानाचार्य, अध्यापकों और विद्यार्थियों से स्कूल की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली।

प्रधानाचार्य थमन सिंह ठाकुर और स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष वंदना ठाकुर ने मंत्री को विद्यालय की गतिविधियों तथा विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। मंत्री ने समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मंत्री ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से पढ़ाई और हाउस गतिविधियों के बारे में बातचीत की। उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान और पढ़ाई से संबंधित सवाल पूछकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

बागवानी मंत्री ने बरोट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां तैनात चिकित्सकों से स्वास्थ्य सुविधाओं, उपलब्ध संसाधनों और अस्पताल की समस्याओं की जानकारी ली तथा समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान घाटी के लोगों और छोटी झरवाड़ महिला मंडल की महिलाओं ने भी अपनी विभिन्न समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।

घाटीवासियों की लंबे समय से चली आ रही सब्जी मंडी की मांग को गंभीरता से लेते हुए मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि टिक्कन में स्थानीय लोगों द्वारा उपलब्ध करवाई गई करीब 12 बीघा भूमि पर जल्द सब्जी मंडी खोलने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि प्रत्येक पंचायत में किसानों को आधुनिक कृषि और बागवानी की जानकारी देने के लिए समय-समय पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक किसान सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर एसडीएम पद्धर सुरजीत सिंह ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वामन देव, बरोट पंचायत के पूर्व प्रधान डॉ. रमेश ठाकुर, कोठी कोहड़ पंचायत प्रधान हिम्मत राम, राजेश कुमार सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *