सुरभि न्यूज़
नगवाईं, 29 सितम्बर
सैंज के बिहाली में स्थानीय मुद्दों एवं विभिन्न मांगों के संबंध में एसडीएम बंजार द्वारा एक बैठक बुलाई गई। बैठक में एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां, ग्राम पंचायत रैला एवं रैला-II के प्रतिनिधि तथा एनएचपीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं निवासियों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई। एनएचपीसी ने स्थानीय समुदाय की चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए आपसी सहयोग एवं सौहार्द की भावना से समाधान की दिशा में सकारात्मक रुख अपनाया।
बैठक के उपरांत ग्राम पंचायत रैला एवं रैला-II के प्रतिनिधियों द्वारा अवरुद्ध सैंज–रैला सड़क को पुनः खोलने तथा एनएचपीसी के आवश्यक कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया गया था।
हालांकि, इसके बाद भी दिनांक 29/09/2026 को एनएचपीसी को स्थानीय ग्रामीणों द्वारा कार्यस्थल पर कार्य पुनः आरंभ करने की अनुमति नहीं दी जा रही है, जिसके कारण परियोजना संबंधी आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा लगातार किए जा रहे असहयोग ने एनएचपीसी के पास शर्तों पर चर्चा में अपने उदार रुख पर पुनर्विचार करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं छोड़ा है।
एनएचपीसी प्रबंधन इस स्थिति पर चिंता व्यक्त करता है तथा सकारात्मक संवाद एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के बावजूद कार्य बहाली में सहयोग न मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।
एनएचपीसी स्थानीय समुदाय की चिंताओं एवं हितों का सम्मान करती है और सभी विषयों का समाधान आपसी संवाद, समन्वय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एनएचपीसी राज्य प्रशासन, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय से पुनः सहयोग प्रदान करने तथा एनएचपीसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्य सुचारु रूप से पुनः आरंभ करने हेतु अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की अपील करती है।










