Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 30 सितंबर
उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा जिला लाहौल-स्पीति के उदयपुर में “बाजार सफलता एवं स्थिरता तथा उद्यमिता प्रशिक्षण” विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में क्षेत्र के स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी महिलाओं तथा स्थानीय उद्यमियों सहित 70 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को बाजार में सफलता प्राप्त करने, कारोबार को लंबे समय तक टिकाऊ बनाए रखने तथा उद्यमिता विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र, लाहौल-स्पीति के महाप्रबंधक सनी ग्रैक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, एंजल ब्रागटा एवं सुनिधि वर्मा ने मुख्य वक्ता एवं प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षण सत्र संचालित किए।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को बाजार में उत्पादों को सफलतापूर्वक स्थापित करने, कारोबार में स्थिरता बनाए रखने तथा प्रभावी ब्रांडिंग, पैकेजिंग, ग्राहक जुड़ाव और उद्यमिता को बढ़ावा देने के आधुनिक तरीकों के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने स्थानीय स्तर पर तैयार किए जाने वाले उत्पादों की गुणवत्ता एवं निरंतरता बनाए रखने तथा उन्हें प्रतिस्पर्धी बाजार में प्रभावी ढंग से स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर उद्योग विभाग की ओर से बताया गया कि RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत भविष्य में भी इस प्रकार की जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, ताकि स्थानीय उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों को उद्यमिता और बाजार से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके।











