पंजाब राज्य बिजली बोर्ड की शानन विद्युत परियोजना के अधीन बरोट में जर्जर सम्पर्क सड़क मार्ग से जनता परेशान, दुर्घटनाओं को दे रहा आमंत्रण

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

पंजाब राज्य बिजली बोर्ड की शानन विद्युत परियोजना के अधीन आने वाले प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल बरोट में मुख्य सम्पर्क मार्ग पिछले कई वर्षों से दयनीय हालत में है। बरोट बस ठहराव से बैराजगेट तक की सड़क की टायरिंग तो लगभग पांच साल पहले की गयी थी, लेकिन उसके आगे का पूरा हिस्सा गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है।

यह बदहाल मार्ग बैराजगेट से लेकर बरोट बाजार, स्कूल मार्केट तथा दुर्गा माता मंदिर से होते हुए जीरो पाइंट तक जाता है। सड़क की इस खस्ताहाली के कारण स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हल्की सी बारिश होते ही इन गहरे गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए आवाजाही करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। सड़क पर आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।

बरोट पंचायत के उपप्रधान राजकुमार ने बताया कि इस सम्पर्क मार्ग की हालत लगातार बद से बदतर होती जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि इस मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध पानी का फब्बारा और दुर्गा माता मंदिर परिसर क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन एवं आस्था स्थल हैं, जहाँ सालभर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सैलानी पहुंचते हैं।

उपप्रधान राजकुमार सहित क्षेत्र के तमाम स्थानीय नागरिकों ने पंजाब राज्य बिजली बोर्ड के उच्चाधिकारियों से जोरदार मांग की है कि इस सम्पर्क मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत करवाई जाए और इसे पक्का किया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *