लोक निर्माण विभाग द्वारा बीड़-बड़ाग्रां सड़क मार्ग का निर्माण कार्य विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बिलिंग से राजगुंधा होते हुए बड़ाग्रां तक पूरा कर लिया गया है। इस मार्ग को अंतिम रूप देने के लिए इन दिनों युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में इस सड़क मार्ग पर बड़ाग्रां तक सरकारी बस का सफल परीक्षण भी किया जा चुका है। परीक्षण के दौरान जो कमियां सामने आई थीं, विभाग उन्हें दूर करने में जुटा हुआ है।
हालांकि, लोक निर्माण विभाग की ओर से इस सड़क मार्ग पर अभी तक आम वाहनों की आवाजाही के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद, यह क्षेत्र विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग टेकऑफ साइट बिलिंग के साथ-साथ सल्याहतर पास, कुड़धार, राजगुंधा, कुक्कड़ गुंधा, बड़ाग्रां और पलाचक जैसे खूबसूरत पर्यटन स्थलों से घिरा होने के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आकर्षित कर रहा है। लोग बिना किसी हिचकिचाहट के अपने वाहनों से इस कच्चे व निर्माणाधीन मार्ग पर आवाजाही कर रहे हैं।
सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने और बिना अनुमति आवाजाही के चलते इस मार्ग पर अब तक कई सड़क दुर्घटनाएं पेश आ चुकी हैं। इन हादसों में अब तक दो लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि तीन से चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
छोटाभंगाल घाटी के कुक्कड़ गुंधा निवासी एवं संसाल पंचायत के पूर्व प्रधान लायक राम ने लोक निर्माण विभाग से एक बार फिर गंभीर चिंता जताते हुए कड़े शब्दों में मांग की है। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई दुर्घटनाओं से सबक लेते हुए विभाग इस सड़क मार्ग की शेष बची कमियों को तुरंत पूरा करे। इसके साथ ही, मार्ग के खतरनाक मोड़ों और ढलानों पर पैरापिट के निर्माण और क्रैश बैरियर/रेलिंग लगाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर एक साथ किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी और बड़े हादसे से बचा जा सके।










