सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 9 अक्तूबर
केंद्रीय ऊन विकास बोर्ड, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत बुनाई एवं डिजाइनिंग प्रशिक्षण केंद्र, शास्त्री नगर, कुल्लू में युवाओं के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। केंद्र में चार माह के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिसकी शुरुआत आगामी 2 नवंबर, 2026 से होगी।
प्रशिक्षण का उदेश्य अभ्यर्थियों को बुनाई और डिजाइनिंग के कार्य में पूरी तरह दक्ष बनाना है जिसके तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान कार्यदिवसों में उपस्थिति के आधार पर अभ्यर्थियों को 125 रुपये प्रतिदिन वजीफा प्रदान किया जाएगा। इस पाठ्यक्रम के लिए महिला, पुरुष एवं ट्रांसजेंडर—सभी वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी अपनी आयु, पहचान, नाम, पता, शैक्षणिक योग्यता और बुनाई-डिजाइनिंग से जुड़े अनुभव (यदि कोई हो) का विवरण सहित अपना आवेदन 29 अक्तूबर, 2026 को शाम 5:00 बजे तक बुनाई एवं डिजाइनिंग प्रशिक्षण केंद्र, शास्त्री नगर, कुल्लू में जमा करवा सकते हैं। अभ्यर्थियों का चयन एक गठित समिति द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।











