मोदी-नड्डा के प्रयासों से हिमाचल में स्वास्थ्य सेवाओं का कायाकल्प, एम्स बिलासपुर बनेगा उत्तर भारत का श्रेष्ठ संस्थान : डॉ. राजीव बिंदल

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

कुल्लू, 9 अक्टूबर 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कुल्लू में प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने बिलासपुर एम्स को इसका सबसे बड़ा उदाहरण बताया।

डॉ. बिंदल ने कहा कि एम्स बिलासपुर रिकॉर्ड समय में बनकर तैयार हुआ है और अब प्रदेश के मरीजों के लिए ‘शानदार मंदिर’ के रूप में विकसित हो चुका है। उन्होंने बताया कि जे.पी. नड्डा ने साल में 4-5 बार व्यक्तिगत रूप से बिलासपुर आकर निर्माण कार्यों की समीक्षा की। दिल्ली स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग कर सभी बाधाएं दूर की गईं। डॉ. बिंदल के अनुसार, आने वाले दशकों में यह संस्थान लाखों मरीजों के जीवन को बेहतर बनाने में भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज चंबा, हमीरपुर और नाहन के लिए केंद्र से 750 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए है। मातृ एवं शिशु संस्थान, कैंसर संस्थान, ट्रॉमा सेंटर और बड़े इक्विपमेंट्स के लिए करोड़ों रुपये दिए गए है। देश के सबसे पुराने वैक्सीन संस्थान में नए विंग्स का लोकार्पण किया गया। लाहौल-स्पीति में शोध केंद्र स्थापित किया गया तथा आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से प्रदेश के लाखों लोगों को लाभ मिला है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जे.पी. नड्डा की मौजूदगी में एम्स बिलासपुर में चिकित्सकों को डिग्रियां बांटीं। इसे उन्होंने संस्थान के ‘सुंदर भविष्य की छवि’ बताया।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि केंद्र से बड़ी मात्रा में धन मिलने के बावजूद प्रदेश में कई चिकित्सा संस्थानों के भवन अधूरे हैं। चिकित्सकों की कमी से मरीजों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ‘बेरुखी’ के कारण जनता को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।

अंत में डॉ. बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान के प्रति आभार जताया और जे.पी. नड्डा के निरंतर प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जिस गति से एम्स बिलासपुर आगे बढ़ रहा है, वह जल्द ही उत्तर भारत का श्रेष्ठ चिकित्सा संस्थान बनेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *