RCFC जोगिंदर नगर की बहाली के लिए मंडी जिला पेंशनर्स संघ का पूर्ण समर्थन, दिल्ली में आयुष मंत्री से वार्ता के बाद उग्र आंदोलन की चेतावनी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

​जोगिंदर नगर (मंडी), 09 अक्तूबर 

क्षेत्रीय और औषधीय वनस्पति केंद्र (RCFC) जोगिंदर नगर को बचाने के लिए चल रहा आंदोलन लगातार व्यापक रूप लेता जा रहा है। शुक्रवार को मंडी जिला के पेंशनर्स संघ के 7 ब्लॉकों से आए पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने भूख हड़ताल स्थल पर पहुंचकर संघर्ष समिति के आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।

​संघर्ष समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज, उपाध्यक्ष लाभ सिंह ठाकुर, सचिव कर्म चंद और भूख हड़ताल का नेतृत्व कर रहे विवेक राणा ने पेंशनर्स संघ के सभी नेताओं, नेक राम शास्त्री तथा अन्य स्थानीय सदस्यों का स्वागत व धन्यवाद किया।

केंद्रीय आयुष मंत्री और सचिव से सकारात्मक वार्ता

संघर्ष समिति के संयोजक कुशाल भारद्वाज ने बताया कि समिति के 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में दिल्ली में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा की उपस्थिति में केंद्रीय आयुष मंत्री से मुलाकात कर RCFC की बहाली की मांग रखी। वार्ता के दौरान आयुष मंत्री ने बताया कि सांसद अनुराग शर्मा, अनुराग ठाकुर, डॉ. राजीव भारद्वाज और कंगना रनौत ने भी इस केंद्र को शिफ्ट न करने के संबंध में उनसे चर्चा की है। केंद्रीय मंत्री और आयुष सचिव दोनों ने ही प्रतिनिधिमंडल को जल्द उचित और सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। कुशाल भारद्वाज ने इस पहल के लिए हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी के सांसदों का आभार व्यक्त किया।

अधिसूचना रद्द होने तक जारी रहेगा आंदोलन

जोगिंदर नगर में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक RCFC की शिफ्टिंग से जुड़ी नोटिफिकेशन रद्द नहीं होती, तब तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। संघर्ष समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जल्द ही सामूहिक अनशन का आयोजन किया जाएगा और यदि केंद्र की बहाली नहीं हुई तो आंदोलन का अगला चरण अत्यधिक उग्र होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *