सुरभि न्यूज़ | केलांग, 17 अक्टूबर
लाहौल-स्पीति जिले में विकास कार्यों को गति देने और लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के उद्देश्य से शनिवार को उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में पीएसी (PAC) की बैठक आयोजित की गई। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों, प्रस्तावित परियोजनाओं और पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में मंत्री जगत सिंह नेगी ने अधिकारियों को लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, आवश्यक स्वीकृतियों से संबंधित मामलों का समयबद्ध निपटारा करने और जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में जल शक्ति विभाग के अंतर्गत सीवरेज व्यवस्था, कृषि विभाग के अंतर्गत करगा में कोल्ड स्टोरेज की स्थापना, केलांग में अग्निशमन केंद्र के निर्माण, त्रिलोकीनाथ मैदान के सौंदर्यीकरण तथा तकनीकी शिक्षा विभाग से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त एसकेटीटी भूमि अधिग्रहण, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) से संबंधित कार्यों, सड़क किनारे यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास और हेलिपोर्ट निर्माण के लिए वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) तथा वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के तहत आवश्यक स्वीकृतियों से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में कुकुमसेरी कॉलेज मैदान, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की वर्तमान स्थिति और उदयपुर सिविल अस्पताल से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सर्दियों के दौरान जिले में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करना भी बैठक का प्रमुख विषय रहा। इस दौरान गोंधला में शीतकालीन जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करने और प्रत्येक घर तक एंटी-फ्रीज व्यवस्था उपलब्ध करवाने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई, ताकि अत्यधिक ठंड के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित न हो।
कृषि एवं बागवानी क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए नाबार्ड के सहयोग से पौध सामग्री उपलब्ध करवाने की योजना और संबंधित परियोजना की स्वीकृति के विषय पर भी विचार किया गया।
जिले के 60 विद्यालयों में सोलर पैनल स्थापित करने की योजना की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा तिंदी में पर्यटक सूचना केंद्र के निर्माण और उसके पूरा होने के बाद संचालन, जिस्पा में क्लाइम्बिंग वॉल के निर्माण, विद्यालयों के लिए ईंधन लकड़ी की व्यवस्था तथा काजा में उच्च ऊंचाई प्रशिक्षण एवं खेल केंद्र की स्थापना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से सिस्सू में नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर स्थापित करने तथा गुस्ख्यार में वन स्टॉप सेंटर भवन के निर्माण से संबंधित विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहे।
मंत्री जगत सिंह नेगी ने विभागवार परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि लंबित कार्यों को अनावश्यक रूप से नहीं लटकाया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं और स्वीकृतियां समय पर पूरी करने तथा विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जिले के लोगों को विकास योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में विधायक अनुराधा राणा, एसडीएम कुनिका एकर्स, एसडीएम उदयपुर ओम प्रकाश, परियोजना अधिकारी अश्वनी कुमार, डीएसपी केडी शर्मा, तहसीलदार विकास कुमार, नायब तहसीलदार शेर सिंह, बीडीओ मनीष राय, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अजय गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अश्वनी गुलेरिया, विद्युत विभाग की अधिशासी अभियंता सूर्या शर्मा सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











